छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने दो लोगों की हत्या कर दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 21, 2025

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के अलग-अलग गांवों में नक्सलियों ने दो लोगों की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि तर्रेम थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर दो लोगों की हत्या की सूचना मिलने के बाद आज सुबह सुरक्षाबलों के एक दल को घटनास्थल भेजा गया।

अधिकारियों ने बताया कि तर्रेम पुलिस घटना की पुष्टि कर रही है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी। इस घटना के साथ ही इस वर्ष अब तक बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में नक्सली हिंसा में लगभग 27 लोगों की जान जा चुकी है।

इससे पहले 14 जुलाई की रात बीजापुर के फरसेगढ़ इलाके में सरकारी स्कूलों में शिक्षा दूत (अस्थायी अतिथि शिक्षक) के रूप में कार्यरत दो लोगों की नक्सलियों ने पुलिस मुखबिर होने के शक में हत्या कर दी थी। बीजापुर के पामेड़ थाना क्षेत्र में 21 जून को नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की हत्या कर दी थी।

जिले के पेद्दाकोरमा गांव में 17 जून को नक्सलियों ने 13 वर्षीय एक लड़के सहित तीन ग्रामीणों की रस्सी से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। अधिकारियों के मुताबिक इन तीन मृतकों में से दो माओवादी दिनेश मोडियाम के रिश्तेदार थे जिसने इस साल मार्च में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।

प्रमुख खबरें

Ayurveda Tips: 25 की उम्र के बाद क्यों गायब हो रहा Face का ग्लो? ये 5 आदतें हैं जिम्मेदार

Mirzapur The Movie Teaser Out | कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की बड़े पर्दे पर वापसी, इस दिन होगी रिलीज़

Priyank Kharge का तीखा हमला, पूछा- RSS पर सवाल से क्यों तिलमिलाती है BJP?

Cooking Tips: Restaurant-Style भरवा शिमला मिर्च की ये Easy Recipe करें Try, स्वाद भूल नहीं पाएंगे