By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 29, 2026
भारत के एशियाई खेलों में एथलेटिक्स के अभियान को करारा झटका लगा है क्योंकि दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने शनिवार को घोषणा की कि अभ्यास के दौरान उनके टखने के ‘लिगामेंट’ में चोट लगने के कारण वह 2026 के बाकी सत्र में नहीं खेल पाएंगे। चोपड़ा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लुसाने डायमंड लीग में सत्र का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के कुछ ही समय बाद उन्हें चोट लगी। इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कड़ी मेहनत के बाद मुझे लग रहा था कि मैं आखिरकार अच्छी लय हासिल कर रहा हूं, जिसकी मुझे तलाश थी और लुसाने में मैंने सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से कुछ समय बाद ही अभ्यास के दौरान मेरे टखने का ‘लिगामेंट’ फट गया।
लेकिन जैसा कि कहते हैं, उतार-चढ़ाव तो जीवन का हिस्सा होते हैं। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए आभार।’’ चोपड़ा के इस सत्र से हटने का मतलब यह भी है कि वह पांच सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भी नहीं खेल पाएंगे, जिसके लिए उन्होंने क्वालीफाई कर लिया था। चोपड़ा का नाम वापस लेना एशियाई खेलों में भारत के लिए एक बड़ा झटका है, जहां उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद की जा रही थी।
तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता को सत्र के दूसरे भाग में चुनौतीपूर्ण दौर से गुजरना पड़ा था, लेकिन लुसाने में उनके प्रदर्शन ने यह संकेत दिया कि वह अपनी लय फिर से हासिल कर रहे हैं। चोपड़ा पिछले कुछ वर्षों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीता था।
उन्होंने 2023 में बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी हैं।