By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 02, 2026
नयी दिल्ली, दो अगस्त दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्रश्नपत्र लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष त्वरित अदालत की न्यायाधीश अनु ग्रोवर बालीगा समेत 137 न्यायाधीशों का तबादला कर दिया है। विशेष न्यायाधीश बालीगा ने 25 जुलाई को कार्यभार संभालने के बाद त्वरित अदालत में मुश्किल से एक सप्ताह ही पूरा किया था। नीट समेत प्रश्नपत्र लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई पहले कर रहे विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता अब उनकी जगह लेंगे।
इसके बाद न्यायाधीश बालीगा की वहां नियुक्ति की गई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रश्नपत्र लीक के मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के लिए त्वरित अदालतें स्थापित करने की घोषणा की थी। नीट प्रश्नपत्र लीक मामले की पहली सुनवाई 27 जुलाई को हुई थी, लेकिन बचाव पक्ष के वकील के अनुरोध पर कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।
इसके बाद न्यायाधीश ने मामले को सोमवार के लिए सूचीबद्ध किया, ताकि सीबीआई के आरोपपत्र और दो आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर विचार किया जा सके। इस मामले में सीबीआई ने 13 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) को प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के चलते 12 मई को रद्द कर दिया था। इसके बाद 21 जून को परीक्षा दोबारा आयोजित की गई।