By अभिनय आकाश | Sep 26, 2025
इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की संयुक्त राज्य अमेरिका जाने वाली उड़ान लंबा रास्ता तय करके न्यूयॉर्क पहुंची। इजरायली पीएम को संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने के लिए जाना था। उनके आधिकारिक विमान, 'विंग्स ऑफ़ ज़ायन' ने न्यूयॉर्क जाते समय यूरोपीय हवाई क्षेत्र से परहेज किया।पीएम नेतन्याहू 600 किलोमीटर की लंबी यात्रा तय कर न्यूयॉर्क पहुंचे हैं। फ्लाइट ट्रैकर पर दर्ज आंकड़ों से पता चला कि विमान ने स्पेन और फ्रांस के हवाई क्षेत्र से भी परहेज किया। जबकि, इजरायल ने फ्रांस से उड़ान भरने की अनुमति मांगी थी और फ्रांस ने मंजूरी भी दे दी थी। इसके बावजूद विमान ने फ्रांसीसी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं किया।
पिछले साल नवंबर में, अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय ने बेंजामिन नेतन्याहू और पूर्व रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसमें उन पर गाजा युद्ध से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों का आरोप लगाया गया था। वारंट में कहा गया है कि यह मानने के आधार हैं कि नेतन्याहू और गैलेंट ने मानवीय सहायता को सीमित करके और गाजा में हमास के खिलाफ इजरायल के सैन्य अभियान के दौरान नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाकर युद्ध की एक विधि के रूप में भुखमरी का इस्तेमाल किया। वारंट को मंजूरी देने वाले तीन न्यायाधीशों के पैनल के अनुसार, भोजन, बिजली, ईंधन, पानी और चिकित्सा आपूर्ति की कमी ने ऐसी परिस्थितियां पैदा कर दीं।