By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के भारत में संभावित प्रसारण को लेकर कई शिकायतें मिली हैं और उसने इस स्ट्रीमिंग मंच से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पाकिस्तान में बनी सामग्री भारत में प्रसारित न की जाए। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। इस वेब सीरीज का ट्रेलर मंगलवार को जारी किया गया था, लेकिन नेटफ्लिक्स ने अभी तक इस बात पर कोई टिप्पणी नहीं की है कि चार दिसंबर को होने वाली इसकी रिलीज में भारत भी शामिल है या यह केवल पाकिस्तान और अन्य देशों के दर्शकों के लिए है।
भारत में फिल्म उद्योग से जुड़े दो संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर इस कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से आठ मई, 2025 को जारी अपने परामर्श का पालन करने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पाकिस्तान में बनी स्ट्रीमिंग सामग्री भारत में उपलब्ध न हो। मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से जून में सरकार को दिए गए अपने आश्वासन पर कायम रहने को भी कहा है।
उस समय नेटफ्लिक्स ने सरकार को बताया था कि उसने भारत में अपने ग्राहकों के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है। मंत्रालय ने कंपनी से उस समय व्यक्त किए गए अपने रुख को बनाए रखने को कहा है। ‘ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ (एआईसीडब्ल्यूए) और ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज’ (एफडब्ल्यूआईसीई) ने कहा है कि पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद मंत्रालय के परामर्श के तहत इस कार्यक्रम को भारत में रिलीज करना उसका उल्लंघन होगा।
पहलगाम हमले के बाद मंत्रालय ने ओटीटी मंच और स्ट्रीमिंग सेवाओं से पाकिस्तानी मूल की सामग्री का प्रसारण बंद करने को कहा था। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और नेटफ्लिक्स इंडिया को भी भेजे गए अपने पत्र में एआईसीडब्ल्यूए ने पाकिस्तान को एक ‘आतंकवादी देश’ बताया, जो कभी भारत का भला नहीं चाहेगा। एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता के हस्ताक्षर वाले पत्र में कहा गया है, ‘‘पुलवामा हमले के बाद एआईसीडब्ल्यूए ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म उद्योग में काम करने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने भी पाकिस्तानी कलाकारों और सामग्री पर प्रतिबंध लगाए थे।’’ एआईसीडब्ल्यूए की वेबसाइट के अनुसार, यह संगठन महाराष्ट्र सरकार से संबद्ध है और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के अधिकारों के लिए काम करता है। संगठन ने कहा कि इस सीरीज को रिलीज करना मंत्रालय के परामर्श की भावना और देश की भावनाओं के पूरी तरह खिलाफ होगा। वहीं, 32 संघों और पांच लाख सदस्यों वाले संगठन एफडब्ल्यूआईसीई ने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप करने और मंत्रालय तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को पाकिस्तानी सीरीज की प्रस्तावित रिलीज की तत्काल जांच करने और उचित कदम उठाने का निर्देश देने का अनुरोध किया है।
एफडब्ल्यूआईसीई ने चेतावनी भी दी है कि यदि यह वेब सीरीज भारत में रिलीज हुई तो वह ‘‘नेटफ्लिक्स के सभी कार्यक्रमों की शूटिंग रुकवाना सुनिश्चित करेगा।’’ एफडब्ल्यूआईसीई के अध्यक्ष बी एन तिवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमें पाकिस्तानी कार्यक्रम पर आपत्ति है। हमारे लिए देश सबसे पहले है और पाकिस्तानी कलाकारों का यहां स्वागत नहीं है।’’ पाकिस्तान में योजना एवं विकास मंत्री अहसान इकबाल ने ‘‘ग्रो अप इंडिया’’ हैशटैग के साथ इस विरोध का जवाब दिया और कहा कि यह कला और संस्कृति को हथियार बनाने जैसा है। इकबाल ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पहले खेल को हथियार बनाया गया, फिर पानी को और अब कला एवं संस्कृति को।
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन, नयी दिल्ली से पाकिस्तानी सामग्री पर स्थायी प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहा है। किसी क्रिकेट मैच को राजनीतिक खतरा और एक टीवी ड्रामा को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानना किस हद तक असुरक्षा की भावना को दर्शाता है? भारत, अब तो परिपक्वता दिखाओ।’’ मोमिना दुरैद द्वारा निर्मित, निर्देशित और प्रस्तुत की गई ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पाकिस्तानी उपन्यासकार फरहत इश्तियाक के इसी नाम के 2013 के सबसे ज्यादा बिकने वाले उर्दू उपन्यास पर आधारित है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसका शीर्षक ‘ऑल द लव आवर हार्ट्स कैरी’ रखा गया है। इस सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान और सनम सईद एक बार फिर साथ नजर आएंगे। ये तीनों भारतीय दर्शकों के बीच भी परिचित चेहरे हैं।
सीरीज में पाकिस्तान के मनोरंजन उद्योग के अन्य चर्चित कलाकार भी शामिल हैं, जिनमें अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हानिया आमिर और हमजा अली अब्बासी शामिल हैं।