एक बस से पौने दो लाख करोड़ तक: अब अपनों के ही बीच बंटवारे की कगार पर खड़ा TVS साम्राज्य

By अभिनय आकाश | Nov 26, 2026

तारीख थी 31 मार्च 2026। रात के सन्नाटे में चेन्नई के एक बंद कमरे में इतिहास खुद को दोहरा रहा था। बिना किसी शोर-शराबे के, बेहद ठंडे दिमाग से एक पिता अपनी ही बेटी की बनाई हर रणनीति को मिटा रहा था। तीन दिन पहले जिस बोर्ड मीटिंग में नए फैसले हुए थे, वे सब ताश के पत्तों की तरह बिखर चुके थे। जिस कुर्सी को उन्होंने चार साल पहले खुद अलविदा कहा था, आज उसी पर उनकी वापसी हो चुकी थी। सामने बैठी थी उनकी बेटी जिसकी लीडरशिप में कंपनी ने 60% की छलांग लगाई और BMW व Hyundai जैसे ग्लोबल ब्रांड्स साथ जुड़े। मगर उस रात, कमरे में सिर्फ़ पिता का फैसला गूंजा और बेटी देखती रह गई। हर बड़े कारोबारी साम्राज्य के पीछे एक कहानी होती है। उसे बनाने वाले के मेहनत की। परिवार के साथ गुजारे गए सालों की और उस सपनों की जिसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की उम्मीद होती है। लेकिन कभी कभी विरासत सौंपने का वक्त आता है तो यही सपना परिवार के भीतर एक नई लड़ाई की वजह बन जाता है। आपकी गली में जो टीवीएस जूपिटर खड़ी है, उसे बनाने वाले घर में आज एक ही सवाल गूंज रहा है- मालिक कौन है? 72 घंटों ने 115 साल पुराने परिवार की वो दरार खोल दी जिसे सालों से घर की चार दीवारी में दवा कर रखा गया था। पिता ने अपनी पूरी जिंदगी लगाकर एक बड़ा कारोबारी साम्राज्य खड़ा किया। घर में दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी थी। दोनों बड़े हुए और बारी आई इस कंपनी को संभालने की तो बेटे को उस कंपनी की कमान मिली, जिसकी वैल्यू आज करीब पौने दो लाख करोड़ रुपए है। वहीं बेटी को उस कंपनी की कमान मिली जिसकी वैल्यू करीब ढाई हजार करोड़ है। यानी दोनों की कंपनियों में करीब 70 गुणा का फर्क है। इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प बात ये है कि बेटी इस लड़ाई में अकेली नहीं है। उसकी मां भी उसके साथ खड़ी है। यानी की एक तरफ पिता हैं तो दूसरी तरफ उनकी बेटी के साथ उनकी पत्नी हैं। टीवीएस की शुरुआत करीब 115 साल पहले हुई थी। 

इसे भी पढ़ें: CM विजय की मजबूरी या बड़ा सियासी दांव! SC के आदेश के बावजूद दरगाह के पास Deepathoon पर दीप क्यों नहीं जलाने दिया?


लक्ष्मी वेणु श्रीनिवासन ने पिता की संपत्ति के बंटवारे के लिए दायर किया मुकदमा


टीवीएस परिवार के मुखिया वेणु श्रीनिवासन की बेटी, डॉ. लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और परिवार की संयुक्त संपत्ति में अपना हिस्सा मांगा है। यह कदम तब उठाया गया है, जब अपने पिता के साथ बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की उनकी कोशिशें नाकाम रहीं। अपनी याचिका में लक्ष्मी ने टीवीएस परिवार की वेणु श्रीनिवासन शाखा की संयुक्त संपत्ति के बंटवारे और अपना हक का हिस्सा दिए जाने की मांग की है। उन्होंने परिवार की संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और जानकारी तक पहुंच भी मांगी है। उनका कहना है कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद, उन्हें ये दस्तावेज और जानकारी नहीं दी गई है। यह कानूनी कदम 16 नवंबर को उनके पिता को भेजे गए एक बंटवारे के नोटिस के बाद उठाया गया है। इस नोटिस में उनसे, परिवार के मुखिया के तौर पर, संपत्ति का उचित और कानूनी बंटवारा सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था। हालाँकि, उनके पिता के जवाब में न तो उनके दावों को स्वीकार किया गया और न ही उनके रुख में कोई बदलाव दिखा। लक्ष्मी का मानना है कि उनके परदादा और दादा द्वारा बनाई गई विरासत पर उनका उतना ही हक है, जितना कि उनके भाइयों का। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह मुकदमा केवल संयुक्त पारिवारिक संपत्ति के मालिकाना हक से जुड़ा है, और इसका किसी कंपनी के कामकाज से कोई लेना-देना नहीं है। उनका मानना है कि पारिवारिक कारोबार मजबूत बने रहने चाहिए, और संपत्ति का बंटवारा व्यवस्थित तरीके से तथा कानून के अनुसार किया जा सकता है। उनकी मां, मल्लिका श्रीनिवासन ने अपनी बेटी के दावे का समर्थन करते हुए कहा है कि पारिवारिक संपत्ति पर लक्ष्मी का भी उतना ही जायज हक है, जितना कि उनके भाई सुदर्शन का।

इसे भी पढ़ें: SAD-BJP गठबंधन पर पंजाब Congress का हमला, अस्तित्व बचाने के लिए बताया मौकापरस्त समझौता


सिब्बल और सिंघवी ने रखे विपरीत तर्क


इस बीच, पारिवारिक विवाद को लेकर दो वरिष्ठ वकीलों ने 'बिजनेस टुडे टीवी' को दिए अलग-अलग इंटरव्यू में एक-दूसरे के विपरीत तर्क पेश किए हैं। लक्ष्मी और मल्लिका की ओर से पेश हुए वकील कपिल सिब्बल ने पारिवारिक कारोबार का 95% हिस्सा लक्ष्मी के भाई सुदर्शन वेणु को सौंपे जाने की खबरों पर सवाल उठाए। उन्होंने तर्क दिया कि यह कारोबार कई पीढ़ियों में खड़ा किया गया है, इसलिए संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में लक्ष्मी का भी बराबर का हक होना चाहिए। सिब्बल ने बताया कि इस पारिवारिक कारोबार की शुरुआत 1911 में लक्ष्मी के परदादा ने की थी। इसके बाद उनके दादा और फिर पिता वेणु श्रीनिवासन ने इसे आगे बढ़ाया, जिससे यह तीन पीढ़ियों का कारोबार बन गया। उन्होंने 1989 में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम में तमिलनाडु द्वारा किए गए संशोधन और 'हिंदू उत्तराधिकार (संशोधन) अधिनियम, 2005' का भी जिक्र किया। इन कानूनों के तहत बेटियों को 'सह-उत्तराधिकारी' माना गया है, जिससे उन्हें संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में बराबर के अधिकार और जिम्मेदारियां मिलती हैं। सिब्बल ने कहा कि वेणु श्रीनिवासन को लक्ष्मी के कानूनी अधिकारों को मान्यता देनी चाहिए और परिवार की संपत्ति का उचित बंटवारा सुनिश्चित करना चाहिए। हालांकि, वेणु श्रीनिवासन की ओर से पेश हुए अभिषेक मनु सिंघवी ने परिवार की संपत्ति के बंटवारे के बारे में एक अलग पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि चर्चा में शामिल सभी संपत्तियां पैतृक नहीं हैं, और किसी व्यक्ति को अपनी खुद की कमाई से जुटाई गई संपत्ति को अपनी मर्जी से बांटने का अधिकार है। सिंघवी ने 2017 में हुए एक लिखित पारिवारिक समझौते की ओर भी इशारा किया, जिस पर परिवार के चारों करीबी सदस्यों ने हस्ताक्षर किए थे। उनके अनुसार, इस समझौते में पैतृक संपत्ति का बंटवारा और 'हिंदू अनडिवाइडेड फैमिली' (HUF) को खत्म करने की बात शामिल थी।

इसे भी पढ़ें: भाषण बनाम भरोसा: 'वाटरलू' संवाद में छिपा अर्थव्यवस्था का बड़ा राज! क्यों मुनाफे के बावजूद तिजोरी खोलने से कतरा रहे हैं कारोबारी?


क्या है टीवीएस की कहानी


इस कहानी की शुरुआत बाइक से नहीं होती बस से होती है। 1911 मदुरई एक वकील थे। लंबा नाम था थिरुक कुरुंगुरी वेंगरम सुंदरम अयंगर। आसान भाषा में टीवी सुंदरम अयंगर और टीवीएस में जो टीवीएस है वो इन्हीं तीन शब्दों से आया है। इन्होंने इंडियन रेलवे की नौकरी छोड़ी। बैंक की नौकरी छोड़ी और 1912 में एक बस चलाई मदुरई से पुदुकोटे के बीच। वैसे बस तो बहुत लोग चलाते हैं, पर यह बस खास थी। यह इतनी समय की पाबंद थी कि लोग अपनी घड़ियां इसी बस से मिलाते थे। कांचीपुरम के महान संत श्री चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती वह भी इस बस को अपना अलार्म मानते थे। एक बस, एक आदमी और एक जिद्द कि वादे से पलटना नहीं है। यही जिद आगे जाकर एक 100 साल पुरानी विशाल कंपनी बन गई। जिसका आज मार्केट 1.87 लाख करोड़ से ऊपर है। पर साम्राज्य बनाने वाला एक अलग इंसान था। 1979 एक 26 साल का लड़का टीवीएस ग्रुप में आया। नाम वेनु श्रीनिवासन। टीवी सुंदरम अयंगर के पोते। पर इनके लिए रास्ता किसी रेड कारपेट जैसा नहीं था। जिस कंपनी की जिम्मेदारी इन्हें मिली सुंदरम क्लेटन वो डूब रही थी। मजदूर हड़ताल पर थे। घाटा था और लोग कह रहे थे यह बचेगी नहीं। वेनू श्रीनिवासन ने क्या किया? उन्होंने फैक्ट्री पूरे 3 महीने के लिए बंद कर दी। हड़ताल तोड़ी और कंपनी को जमीन से खींच कर खड़ा किया। अपने दादा जैसे ही थे जिद्दी, दूरदर्शी और बेखौफ। 1982 में उन्होंने एक बड़ा दांव खेला। जापान की सुजूकी के साथ पार्टनरशिप की। बनी टीवीएस सुजुकी और बाजार में आई सुजुकी Supra, Samu, शोगुन, शाउलिन, Firo। TVS अब एक जाना पहचाना नाम था। पर जिस तरह हीरो और होंडा का रिश्ता ऊपर से दोस्ती था, अंदर से दरार थी। टीवीएस सुजुकी का हाल भी वैसा ही था। 2001 में सुजुकी चली गई और साथ में गई जापानी टेक्नोलॉजी। लेकिन यही वह मोड़ था जहाँ वेणु श्रीनिवासन ने हार मानने के बजाय भारतीय इंजीनियरिंग की असली ताकत दुनिया को दिखाई। सुजुकी के जाने के बाद कंपनी के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया था, क्योंकि अब न तो विदेशी तकनीक थी और न ही कोई बड़ा पार्टनर। मगर वेणु श्रीनिवासन ने अपने ही रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) पर दांव लगाया और महज कुछ ही महीनों में पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक पर बनी 'टीवीएस विक्टर' (TVS Victor) को बाजार में उतार दिया। विक्टर ने न सिर्फ कंपनी को डूबने से बचाया, बल्कि बिक्री के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए टीवीएस को भारत की अग्रणी टू-व्हीलर कंपनियों की कतार में सबसे आगे ला खड़ा किया। इसके बाद अपाचे (Apache) और जूपिटर (Jupiter) जैसे ब्रांड्स ने टीवीएस को घर-घर की पसंद बना दिया और देखते ही देखते यह साम्राज्य पौने दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।

इसे भी पढ़ें: Punjab Police ने अमृतसर में हथियार व नशा तस्करी गिरोह पकड़ा, 7 गिरफ्तार

मगर विडंबना देखिए जिस वेणु श्रीनिवासन ने अपनी मेहनत, जिद और दूरदर्शिता से इस विशाल साम्राज्य को सींचा और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, आज वही साम्राज्य उनके अपने ही घर में बंटवारे की कगार पर खड़ा है। कल तक जो लड़ाई बाजार में विदेशी कंपनियों से लड़ी जा रही थी, आज वह चेन्नई के बंद कमरों से निकलकर अदालत की चौखट तक जा पहुंची है। जिस विरासत की नींव 1911 में एक बस की समय की पाबंदी से रखी गई थी, आज उसी विरासत के मालिकाना हक को लेकर एक पिता अपनी ही बेटी और पत्नी के आमने-सामने है। अब पूरे देश की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 115 साल पुराने इस कारोबारी घराने की यह कानूनी जंग किस मोड़ पर जाकर थमेगी समझौते की मेज पर, या फिर एक ऐतिहासिक बंटवारे के साथ।
 

प्रमुख खबरें

सपा से सीट बंटवारे पर Imran Masood नाराज, बोले- Congress गठबंधन में साझेदार है नौकर नहीं

जेनसन हुआंग ने Nvidia में वापसी के साथ ही ले लिया दुनिया हिलाने वाला फैसला, इन 4 देशों को चिप की सप्लाई बंद

Constitution Day पर PM Modi ने कहा, महिलाओं के 33 Percent Reservation को कोई नहीं रोक सकता

पाकिस्तानी कंटेंट भारत में न दिखाए Netflix, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने दिए निर्देश