Congress ने 50 साल 24 अकबर रोड़ से काम किया, अब 15 जनवरी से 9ए कोटला मार्ग होगा Congress Headquarters का नया पता

By नीरज कुमार दुबे | Jan 08, 2025

नये साल पर कांग्रेस नये मुख्यालय से कामकाज शुरू करने जा रही है। हम आपको बता दें कि कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी 15 जनवरी को पार्टी के नए मुख्यालय 'इंदिरा भवन' का उद्घाटन करेंगी। पिछले करीब पांच दशक से पार्टी का मुख्यालय 24 अकबर रोड था। अब नया पता 9ए कोटला मार्ग होगा। हम आपको बता दें कि कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जानकारी दी है कि 15 जनवरी, 2025 को सुबह 10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी जी नए एआईसीसी मुख्यालय इंदिरा गांधी भवन का उद्घाटन करेंगी। इस मुख्यालय का निर्माण कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी के कार्यकाल के दौरान शुरू किया गया था।

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी तय करेंगे, कौन बनेगा दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री ?

हम आपको बता दें कि कांग्रेस के नए मुख्यालय का काम पिछले कई वर्षों से जारी था। बताया जा रहा है कि पार्टी अपने वर्तमान मुख्यालय "24, अकबर रोड" को फिलहाल खाली नहीं करेगी, जो 1978 में कांग्रेस (आई) के गठन के बाद से इसका मुख्यालय रहा है। बताया जा रहा है कि शुरुआत में प्रशासन, लेखा और कुछ अन्य कार्यालय नए भवन में स्थानांतरित होंगे। कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठन- महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई और पार्टी के विभाग और प्रकोष्ठ के कार्यालय भी नए परिसर में स्थानांतरित किए जा सकते हैं। हम आपको बता दें कि 1977 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद लुटियंस दिल्ली में 24, अकबर रोड बंगले को एआईसीसी मुख्यालय में बदल दिया गया था।

कांग्रेस के नये मुख्यालय के लिए जमीन का आवंटन तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। वाजपेयी सरकार ने भाजपा और कांग्रेस को अपने कार्यालय के लिए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भूमि का आवंटन किया था। भाजपा का मुख्यालय पहले 11 अशोक रोड पर हुआ करता था। 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा का दीनदयाल उपाध्याय पर स्थित मुख्यालय बनकर तैयार हो गया था और पार्टी ने उसी समय वहां से कामकाज भी शुरू कर दिया था। हालांकि भाजपा ने 11 अशोक रोड वाले कार्यालय को खाली नहीं किया है और वहां उसकी रिसर्च और सोशल मीडिया टीमें काम करती हैं। कांग्रेस ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर अपना मुख्यालय तो बना लिया लेकिन जब उसे लगा कि उसके मुख्यालय के पते के साथ जनसंघ के संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय का नाम लिखा जायेगा तो उसने पीछे वाले रोड कोटला मार्ग पर अपना प्रवेश द्वार बना लिया ताकि मुख्यालय का पता बदल सके। अकबर रोड वाले मुख्यालय ने कांग्रेस को कई उतार चढ़ाव दिखाये, देखना होगा कि कोटला मार्ग का मुख्यालय कांग्रेस को कैसे दिन दिखाता है।

प्रमुख खबरें

BJP नेता Ramesh Bidhuri का विवादित बयान: Jantar Mantar पर पंचर बनाने वाले थे ज्यादा

Andhra Pradesh में लोकतंत्र खतरे में? Jagan बोले- Naidu सरकार में कानून व्यवस्था चौपट, बदले की राजनीति चरम पर!

Jagannath Rath Yatra को UNESCO सूची में शामिल कराने के लिए ओडिशा की केंद्र से मांग

EPS-95 पेंशनधारक: जंतर-मंतर पर न्यूनतम पेंशन 7500 रुपये करने की मांग को लेकर प्रदर्शन