By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 31, 2023
गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद विल यंग की 86 रन की नाबाद पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को यहां तीन मैचों की श्रृंखला के आखिरी एकदिवसीय में श्रीलंका को 103 गेंद शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। यंग ने 113 गेंद में 11 चौके जड़ित नाबाद पारी के दौरान हेनरी निकोल्स (नाबाद 44) के साथ पांचवें विकेट के लिए 100 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को श्रृंखला में 2-0 की जीत दिला दी। न्यूजीलैंड ने श्रृंखला के पहले मैच को 198 रन से जीता था जबकि दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
इसके बाद हालांकि यंग को निकोल्स के रूप में अच्छा साथी मिला और दोनों ने संभलकर खेलने के बाद आक्रामक रूख अपनाया। निकोल्स ने चमिका करूणारत्ने की गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी। श्रृंखला के पहले एकदिवसीय में महज 76 रन पर आउट होने वाली श्रीलंका की टीम ने एक बार फिर खराब शुरुआत की। टीम ने आठवें ओवर में 18 रन तक तीन विकेट गंवा दिये।
सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका ने 57 रन की पारी खेली लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। वह 24वें ओवर में जब रन आउट हुए तो टीम ने 100 रन पर छठा विकेट गंवा दिया था। शनाका (31) और करूणारत्ने (24) ने टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी, हेनरी शिपली और डेरिल मिचेल ने तीन-तीन विकेट लिये। इसमें हेनरी ने अपने 10 ओवर में महज 14 रन दिये।