चोट के कारण भारत दौरे से बाहर हुए Will O'Rourke, New Zealand को लगा झटका

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 10, 2026

न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ होने वाली आगामी श्रृंखला से पहले एक और करारा झटका लगा है और उसके तेज गेंदबाज विल ओरूर्के बाएं पांव की मांसपेशियों में खिंचाव और पिंडली की चोट के कारण इससे बाहर हो गए हैं। खेल के सभी प्रारूप में खेलने वाले इस 25 वर्षीय तेज गेंदबाज ने पीठ में चोट के कारण सात महीने तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद इस साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के अंतिम दिन हालांकि उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और इसके बाद अभ्यास के दौरान उनकी पिंडली में चोट लग गई थी।

न्यूजीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि ओरूर्के को भारत के खिलाफ श्रृंखला से बाहर रखने का फैसला खिलाड़ी और मेडिकल टीम से परामर्श के बाद लिया गया। उनकी निगाहें अब दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चार टेस्ट मैच की श्रृंखला में वापसी करने पर टिकी हैं। न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच, पांच वनडे मैच और दो टेस्ट मैच खेलने हैं।

इस श्रृंखला की शुरुआत 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से होगी। वाल्टर ने कहा, ‘‘विल का भारत के खिलाफ श्रृंखला से बाहर होना निराशाजनक है। वह वनडे और टेस्ट दोनों श्रृंखला में खेलने के लिए तैयार थे लेकिन चर्चा करने के बाद हम सभी बात पर सहमत थे कि उन्हें चोट से उबरने के लिए अभी और समय देना जरूरी है।’’ इससे पहले न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि चोट के कारण मार्क चैपमैन और जैक फाउल्क्स टी20 श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे।

प्रमुख खबरें

Flipkart में 11 साल बाद CEO Kalyan Krishnamurthy का इस्तीफा, अंतरिम कमान संभालेंगे Balaji

Punjab Police ने अमृतसर में हथियार व नशा तस्करी गिरोह पकड़ा, 7 गिरफ्तार

Indore में सब्जी मंडी हटाने पर बवाल, नेता प्रतिपक्ष Sonila Mimrot ने सरकारी कर्मी को जड़ा थप्पड़

भारत TRQ योजना के तहत US को भेजेगा 8606 टन कच्ची चीनी, DGFT ने दी मंजूरी