Punjab रेल धमाका मामले में अमेरिका से निर्वासित KZF आतंकी Thikriwala गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 26 अप्रैल को पंजाब में रेलवे लाइन पर हुए धमाके के मुख्य आरोपी एवं प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स’ (केजेडएफ) से जुड़े सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल को अमेरिका से निर्वासित होकर लौटने के बाद बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। संघीय एजेंसी ने एक बयान में बताया कि ​​ठिकरीवाल को अमेरिकी अधिकारियों ने हिरासत में लिया था। एनआईए के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों के साथ समन्वय की वजह से ठिकरीवाल का निर्वासन संभव हुआ।

बयान में कहा गया कि 27 अप्रैल 2026 को शंभू और राजपुरा स्टेशनों के बीच ‘डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड’ (डीएफसीसीआईएल) की पटरी पर हुए धमाके से जुड़े मामले में, ठिकरीवाल को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह धमाका केजेडएफ की आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने, सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और पंजाब में कानून-व्यवस्था को अस्थिर करने के उद्देश्य से किया गया था। एनआईए ने बताया कि ठिकरीवाल सहित अबतक इस मामले में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि राजपुर-शंभू रेलखंड पर धमाका होने के बाद ठिकरीवाल ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट की और इस घटना का समर्थन करते हुए इसका महिमामंडन किया। बयान के मुताबिक, वीडियो में उसने धमाके में मारे गए जगरूप सिंह सहित इस आपराधिक साजिश को रचने वाले आरोपियों का भी समर्थन किया। एनआईए के मुताबिक, ठिकरीवाल ने ‘खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स’ को ‘कौमी संगठन’ बताया और ‘घोषित आंकवादी’ रणजीत सिंह उर्फ ​​नीता को ‘कौम का जनरल’ कहकर संबोधित किया।

संघीय जांच एजेंसी ने बताया कि उसने आरोपी के खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ (एलओसी) जारी किया था। ठिकरीवाल के खिलाफ पंजाब के विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एजेंसी वृहद साजिश की जांच कर रही है।

इसका उद्देश्य आतंकवादियों और विदेशों में मौजूद उनके साथियों की सांठगांठ को खत्म करना और उनके वित्तपोषण और बुनियादी ढांचे को नष्ट करना है।

प्रमुख खबरें

इधर CM Yogi Adityanath दिल्ली में घूमते रहे, उधर Akhilesh Yadav ने बाबा के गढ़ Gorakhpur में बड़ा खेल कर दिया

VIDEO: नीली ड्रेस में अपने स्ट्रेच मार्क्स फ्लॉन्ट कर Mira Rajput ने जीत लिया सबका दिल, फैंस कर रहे तारीफ

Shaurya Path: कभी सिर्फ बुलेटप्रूफ जैकेट और छोटे पुर्जे बेचता था भारत, आज 80 से ज्यादा देश खरीद रहे Made in India Weapons

Couples Workout Benefits: सिर्फ डेट पर जाने से नहीं, साथ वर्कआउट करने से भी बढ़ता है प्यार