इधर CM Yogi Adityanath दिल्ली में घूमते रहे, उधर Akhilesh Yadav ने बाबा के गढ़ Gorakhpur में बड़ा खेल कर दिया

By नीरज कुमार दुबे | Nov 18, 2026

उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही गढ़ों पर कब्जे और गढ़ बचाने की लड़ाई तेज होने लगी है। दो दिनों के भीतर राजनीतिक तस्वीर कुछ ऐसी बनी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकातों में व्यस्त रहे और दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सीधे योगी के मजबूत राजनीतिक दुर्ग गोरखपुर पहुंच गए। करीब 20 किलोमीटर लंबे पीडीए रथ रोड शो के जरिए अखिलेश ने न सिर्फ पूर्वांचल में सपा की सक्रियता दिखाई, बल्कि मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र में राजनीतिक चुनौती देने का संदेश भी दिया।

अखिलेश यादव का रोड शो गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव तक निकला। रास्ते में समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी, स्वागत और नारों के बीच अखिलेश ने इस आयोजन को बीजेपी के गढ़ में अपनी राजनीतिक ताकत के प्रदर्शन के रूप में पेश किया। रोड शो के बाद एक्स पर उन्होंने लिखा, “गोरखपुर में हमारे रोड शो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि ‘किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है!’ इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को ‘नौ बटे निल’ कर देगी। पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट ‘पीडीए’ का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा। गोरखपुर की ये पुकार अहंकार की होगी हार।”

अखिलेश का यह बयान केवल भीड़ के उत्साह पर प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि 2027 के चुनाव से पहले गोरखपुर और पूर्वांचल की राजनीतिक जमीन पर सपा के दावे को मजबूती से रखने की कोशिश है। हम आपको बता दें कि पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एक राजनीतिक गठजोड़ के रूप में लामबंद करने की सपा की रणनीति इस रोड शो के केंद्र में रही। शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा के अनावरण और स्थानीय राजनीतिक कार्यक्रमों से जुड़े इस दौरे को पार्टी ने सामाजिक और राजनीतिक संदेश के साथ जोड़ने की कोशिश की।

इसे भी पढ़ें: 'अंतिम मौका है, पूरी ताकत लगानी होगी', योगी की ये बात सुनकर हिंदू वोटरों के नाम जुड़वाने के लिए मैदान में उतरी पूरी BJP

दिल्ली में बैठकों के बीच गोरखपुर में अखिलेश की दस्तक

उधर, इस राजनीतिक घटनाक्रम का दूसरा पहलू मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिल्ली में हुई मुलाकातें हैं। मथुरा में बीजेपी के दो दिवसीय संगठनात्मक चिंतन के बाद योगी दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। संगठन महामंत्री बीएल संतोष की मौजूदगी में हुई चर्चाओं को 2027 के चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ऐसे समय में अखिलेश यादव का योगी के गृहक्षेत्र में रोड शो करना राजनीतिक प्रतीकों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। देखा जाये तो यूपी की राजनीति में गढ़ों पर दस्तक देना अक्सर चुनावी संदेश का हिस्सा होता है। अखिलेश ने इस बार उस जगह को चुना जहां योगी की राजनीतिक पहचान, धार्मिक-सामाजिक प्रभाव और बीजेपी का संगठनात्मक आधार तीनों बेहद मजबूत माने जाते हैं।

2022 में भी अखिलेश ने गोरखपुर में दिखाई थी ताकत

हम आपको यह भी याद दिला दें कि गोरखपुर अखिलेश यादव के लिए नया राजनीतिक मैदान नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी उन्होंने यहां समाजवादी विजय रथ के जरिए ताकत दिखाने की कोशिश की थी। फरवरी 2022 में चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रोड शो किया था। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान से गोलघर के काली मंदिर तिराहे तक निकले उस रोड शो में समर्थकों की भीड़, फूलों की बारिश और नारों ने सपा के चुनावी उत्साह को दिखाया था।

उस समय भी अखिलेश ने गोरखपुर में बीजेपी को चुनौती देने और जनता के मूड में बदलाव का दावा किया था। लेकिन चुनावी नतीजों ने साफ कर दिया कि रोड शो में उमड़ी भीड़ और वोटों के समीकरण में अंतर होता है। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहरी विधानसभा सीट पर जोरदार जीत दर्ज की और बीजेपी का प्रभाव कायम रहा। 2022 का चुनाव सपा के लिए प्रदेश स्तर पर सीटों में बढ़ोतरी का चुनाव जरूर रहा, लेकिन गोरखपुर जैसे इलाके में बीजेपी के मजबूत संगठन और योगी के प्रभाव का तोड़ नहीं निकाला जा सका था।

गोरखपुर आखिर योगी का गढ़ क्यों है?

देखा जाये तो गोरखपुर की राजनीति को केवल विधानसभा सीटों के आंकड़ों से नहीं समझा जा सकता। यहां गोरखनाथ पीठ का सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक प्रभाव दशकों से मौजूद है। योगी आदित्यनाथ इसी पीठ के महंत हैं और लगातार पांच बार गोरखपुर से लोकसभा सांसद रहे। उनके राजनीतिक प्रभाव का आधार केवल चुनावी संगठन नहीं, बल्कि गोरखनाथ पीठ से जुड़ा व्यापक जनसंपर्क, स्थानीय पहचान और पूर्वांचल में उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता भी है।

यही वजह है कि गोरखपुर में अखिलेश यादव का रोड शो राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण तो है, लेकिन इसे बीजेपी के गढ़ में सेंध लगने के रूप में नहीं देखा जा सकता। हालांकि यह सही है कि सपा ने भीड़ जुटाकर, पीडीए का संदेश देकर और बीजेपी को नौ सीटों पर चुनौती देने का दावा करके चुनावी मुकाबले का माहौल बनाने की कोशिश जरूर की है।

बहरहाल, गोरखपुर में साइकिल के पहिए घूम सकते हैं, रोड शो में भीड़ जुट सकती है और नारों से सियासी फिजा भी बदली हुई नजर आ सकती है, लेकिन योगी के गढ़ में इन तस्वीरों का वोट और फिर सत्ता में तब्दील होना आसान नहीं है। यहां अखिलेश यादव का मुकाबला सिर्फ बीजेपी से नहीं, बल्कि गोरखनाथ पीठ की गहरी जड़ों, मजबूत संगठन और योगी आदित्यनाथ के दशकों से बने राजनीतिक प्रभाव से है। गोरखपुर में शक्ति प्रदर्शन करना एक बात है और गोरखपुर की सत्ता पर कब्जा जमाना दूसरी बात है। अखिलेश ने गढ़ में पहुंचकर चुनौती की घंटी जरूर बजाई है, लेकिन योगी के किले की दीवारें इतनी कमजोर नहीं कि सिर्फ रोड शो के शोर से ढह जाएं। गोरखपुर में साइकिल दौड़ सकती है, मगर सिंहासन तक पहुंचने के लिए उसे अभी योगी के प्रभाव की कई मजबूत दीवारें लांघनी होंगी।

प्रमुख खबरें

डॉक्टर से ₹10 लाख वसूली में गिरफ्तार Congress नेता Suhail Shahjahan पार्टी से निष्कासित

VIDEO: नीली ड्रेस में अपने स्ट्रेच मार्क्स फ्लॉन्ट कर Mira Rajput ने जीत लिया सबका दिल, फैंस कर रहे तारीफ

Shaurya Path: कभी सिर्फ बुलेटप्रूफ जैकेट और छोटे पुर्जे बेचता था भारत, आज 80 से ज्यादा देश खरीद रहे Made in India Weapons

Punjab रेल धमाका मामले में अमेरिका से निर्वासित KZF आतंकी Thikriwala गिरफ्तार