By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026
दक्षिणी नाइजीरिया में एक नाव के पलटने से उसमें सवार कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई। आपातकालीन सेवाओं ने यह जानकारी दी। नाइजीरिया की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता मांजो इजेकी ने एक बयान में बताया कि लोग नाव से अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे तभी शुक्रवार को देश के दक्षिण-दक्षिण क्षेत्र के बायेल्सा राज्य में वह डूब गई।
उन्होंने कहा कि तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने लोग लापता हैं। पुलिस प्रवक्ता मूसा मोहम्मद ने शुक्रवार को बताया कि 24 अन्य लोगों को बचा लिया गया।
अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि नाव में कुल कितने यात्रियों के सवार होने का अनुमान है। मोहम्मद ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चलता है कि नाव में तकनीकी खराबी आ गई थी। उन्होंने कहा कि यात्रियों ने नाव चालक से नाव को किनारे की ओर ले जाने को कहा लेकिन उसने ऐसा करने से कथित तौर पर इनकार कर दिया।
उन्होंने बताया कि नाव चालक घटनास्थल से कथित तौर पर फरार हो गया और नाव के प्रबंधक को हिरासत में ले लिया गया। इस हादसे के बाद बायेल्सा राज्य सरकार ने नाव संचालकों और यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। बायेल्सा की सूचना आयुक्त एबिउवो कोकू-ओबियाई ने शनिवार को एक बयान में कहा, ‘‘नावों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने, तेज गति से नाव चलाने, लापरवाही बरतने और जीवन रक्षक जैकेट के बिना यात्रा करने पर रोक लगनी चाहिए।
कोई भी यात्रा जान से बढ़कर नहीं है।’’