Kota Udaipur highway पर भीषण हादसा, खाटू श्यामजी से लौट रहे परिवार के 9 लोगों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

राजस्थान में कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक बहुउद्देशीय वाहन (एमयूवी) ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे एक परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा देर रात एक बजे उस समय हुआ, जब ये लोग महाराष्ट्र के धुले जिले स्थित अपने घर लौट रहे थे।

पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा आठ अन्य लोग घायल हो गए। वाहन में दो भाइयों, उनकी पत्नियों और बच्चों समेत एक परिवार के 16 सदस्य सवार थे। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, वाहन चालक को वाहन चलाते समय संभवत: झपकी लग गई थी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। परिवार के एक सदस्य प्रदीप ने बताया कि धुले से 36 रिश्तेदारों का एक समूह 17 नवंबर को तीन बहुउद्देशीय वाहनों में सवार होकर ओंकारेश्वर, उज्जैन, सांवरिया सेठ, पुष्कर, सालासर बालाजी और अंत में खाटू श्यामजी के दर्शन करने गया था।

यह समूह शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे खाटू श्यामजी से रवाना हुआ था। परिवार के एक अन्य सदस्य नंदकिशोर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ वाहन अन्य दोनों वाहनों से आगे निकल गया था और हादसे के समय वह उनसे करीब 40 से 45 किलोमीटर आगे था। नंदकिशोर ने कहा कि वाहन में दो भाई बाबूलाल और सज्जन तथा उनकी पत्नियां एवं बच्चे सवार थे।

प्रदीप ने बताया कि देर रात करीब एक बजे उनके पास वाहन में सवार उनकी रिश्तेदार मयूरी पंवार का फोन आया। अन्य दोनों वाहनों में सवार रिश्तेदार जब तक घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक पुलिस अधिकतर शवों को अस्पताल पहुंचा चुकी थी और तीन शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन में अब भी फंसे हुए थे। ट्रक चालक हारून ने संवाददाताओं को बताया कि उसने ट्रक में आई खराबी की जांच करने के लिए उसे सड़क किनारे खड़ा किया था और वह उससे कुछ दूरी पर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने ट्रक को टक्कर मार दी।

उसने दावा किया कि टक्कर के कारण वह सड़क से करीब 20 फुट दूर जा गिरा और 10 मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एम्बुलेंस को खुद फोन किया। हालांकि, प्रदीप ने दावा किया कि ट्रक को पार्किंग लाइट जलाए बिना सड़क किनारे खड़ा किया गया था। कोटा शहर के उपमंडल मजिस्ट्रेट कपिल शर्मा ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं।

पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। मृतकों की पहचान उषा (60), सुशीला (65), कैलाश (45), जानवी (छह), सज्जन (60), अनीता (40), बाबूलाल (60), जानवी (13) और माधवी (45) के रूप में हुई है।

प्रमुख खबरें

Shree Cement का बड़ा लक्ष्य, अगले 3-4 वर्षों में 10 करोड़ टन उत्पादन क्षमता पार करेगी

पहले Test में भारत से 233 रन पीछे New Zealand, मैच बचाने के लिए लंबी बल्लेबाजी जरूरी: रविंद्र

फोन की सेटिंग बदलने के बहाने महिला की फोटो गैलरी से चुराई उसकी निजी तस्वीरें, अब ICE की हिरासत में Raghul Anandakrishnan

PNB को ECL लागू होने पर चाहिए 5000 करोड़ का अतिरिक्त प्रावधान, मुनाफे पर नहीं होगा असर