By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 05, 2023
तूतीकोरिन। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को जिले के आदिचनल्लूर में एक पुरातत्व संग्रहालय की आधारशिला रखी। वित्त मंत्री के कार्यालय ने यह जानकारी दी। आदिचनल्लूर उन पांच पुरातात्विक स्थलों में से एक है, जिसे केंद्रीय बजट 2020-21 में प्रतिष्ठित स्थलों के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई थी। यह तूतीकोरिन जिले के थमिराबरानी नदी के तट पर स्थित एक पुरातात्विक स्थल है।
वित्त मंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘संग्रहालय का मुख्य उद्देश्य थमिराबरानी घाटी के सांस्कृतिक परिदृश्य के हिस्से के रूप में पहचाने गए पुरातात्विक स्थलों के महत्व को स्थापित करना है।’’ सीतारमण के साथ तूतीकोरिन की सांसद कनिमोई और अन्य लोग भी मौजूद थे।