World Bank Chief Ajay Banga से मिलीं Finance Minister Nirmala Sitharaman, MSME और Infrastructure पर चर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 02, 2026

 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा से मुलाकात की और भारत तथा इस अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्था के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। सीतारमण ने मंगलवार को एशविल में जी20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नर (एफएमसीबीजी) की बैठक से इतर बंगा से मुलाकात की। वित्त मंत्रालय के बयान में कहा गया, ‘‘केंद्रीय वित्त मंत्री ने भारत के साथ विश्व बैंक समूह के लगातार जुड़ाव की सराहना की और 1.5 अरब अमेरिकी डॉलर के विकास नीति वित्तपोषण (डीपीएफ) को तेजी से मंजूरी दिए जाने का उल्लेख किया।’’

बयान में कहा गया कि बातचीत में बुनियादी ढांचा क्षेत्र के लिए ऋण साख बढ़ाने के वास्ते क्षेत्र-आधारित और कार्यक्रम आधारित दृष्टिकोण पर भी चर्चा हुई। बयान के अनुसार, बंगा ने भारत के बुनियादी ढांचे में हुए महत्वपूर्ण बदलाव की सराहना की और कहा कि भारत की विकास संबंधी महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देने के लिए विश्व बैंक समूह के साधनों का और अधिक इस्तेमाल करने की संभावनाएं हैं। इसमें एमआईजीए की भागीदारी और विदेशों में निवेश करने वाली भारतीय कंपनियों के लिए राजनीतिक जोखिम बीमा भी शामिल है।

सीतारमण ने भारत में ‘ग्लोबल डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर नॉलेज हब’ स्थापित करने के लिए विश्व बैंक समूह के साथ भारत के जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने कृषि जैसे क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने और इसके जल्द शुरू होने की दिशा में प्रगति की उम्मीद जताई। बयान में कहा गया कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने नए भारत-विश्व बैंक समूह देश साझेदारी ढांचे के तहत वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी पर्यटन स्थलों के विकास पर भी चर्चा की।

इसके लिए अंतरराष्ट्रीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक (आईबीआरडी) की नीतिगत और बुनियादी ढांचा सहायता, आईएफसी के निवेश और एमआईजीए की गारंटी को एक समन्वित दृष्टिकोण के तहत जोड़ा जाएगा।

वित्त मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने साझेदारी को पारंपरिक ऋणदाता-ऋण लेने वाले संबंध से आगे बढ़ाकर वैश्विक ज्ञान, नवाचार तथा निजी पूंजी जुटाने के लिए एक रणनीतिक मंच बनाने पर भी चर्चा की। इसमें भारत के व्यापक स्तर और क्रियान्वयन क्षमता को विश्व बैंक समूह की वैश्विक विशेषज्ञता और वित्तीय साधनों के साथ जोड़ा जाएगा।

प्रमुख खबरें

Tamil Nadu में DVAC की बड़ी कार्रवाई, 1.21 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी व डिजिटल लेनदेन पकड़ा

अयोध्या Ram Mandir Trust में 3 नए ट्रस्टी नियुक्त, Ashok Singhal के रिश्तेदार को भी अहम जिम्मेदारी

ICC Test Rankings: Shubman Gill और बुमराह को नुकसान, पडिक्कल 54वें स्थान पर पहुंचे

US Iran War Updates: UAE और कुवैत में US मिलिट्री ठिकानों पर भीषण हमला, पाकिस्तान का दोनों देशों संग बातचीत का दावा