By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 01, 2025
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा है कि निसार उपग्रह का सफल प्रक्षेपण दुनिया के सबसे सटीक प्रक्षेपणों में से एक था और नासा यह देखकर उत्साहित है कि भारत स्वदेशी रूप से विकसित जीएसएलवी मार्क यान का उपयोग करके इसे सफलतापूर्वक अंजाम दे सका। उन्होंने बृहस्पतिवार रात यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।
नारायणन के अनुसार, यह दुनिया के सबसे सटीक प्रक्षेपणों में से एक था, जिसमें रॉकेट का हर चरण में त्रुटिहीन रूप से संचालन हुआ और उपग्रह को केवल दो से तीन किलोमीटर के अंतर से सटीक तरीके से कक्षा में स्थापित कर दिया। इसरो प्रमुख ने कहा, यह उनके लिए भी एक अकल्पनीय उपलब्धि है।
उन्होंने कहा, ‘‘ यह दुनिया में अब तक हुए सबसे सटीक प्रक्षेपणों में से एक है... आज पूरा देश इस बात पर गर्व कर सकता है कि भारत और अमेरिका द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित उपग्रह भारतीय प्रक्षेपण यान का उपयोग करके कक्षा में स्थापित किया गया है।