कोरोना के बढ़ते मामले से नीतीश चिंतित, कहा- बाहर से आने वाले लोग न छिपाएं अपनी ट्रैवल हिस्‍ट्री

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 09, 2020

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये किये जा रहे कार्यों की बृहस्पतिवार को गहन समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों को कोरोना हॉटस्पॉट (अत्याधिकसंक्रमणवालाक्षेत्र) क्षेत्र घोषित किया गया है, वहां सघन अभियान चलाकर प्रोटोकॉल के अनुरूप समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पटना के एक अणे मार्ग में आयोजित बैठक के दौरान मुख्य सचिव एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण से निपटने के लिये किये जा रहे कार्यों के संबंध में गहन समीक्षा करते हुए नीतीश ने निर्देश दिया कि जहां-जहां संदिग्ध कोरोना मरीजों का सम्पर्क क्षेत्र रहा है, वैसे स्थलों पर गहन जांच की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों को कोरोना हॉटस्पॉट क्षेत्र घोषित किया गया है, वहां सघन अभियान चलाकर प्रोटोकॉल के अनुरूप समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने के साथ-साथ लोगों को इस संबंध में जागरूक करने के लिये माइक से भी गहन प्रचार-प्रसार कराएं। मुख्यमंत्री ने अपील किया है कि वैसे लोग जिन्होंने राज्य के बाहर एवं विदेश की यात्रा की है, वे अपनी यात्रा की जानकारी नहीं छिपाएं, इससे उनको खतरा तो है ही, साथ ही उनके परिवार एवं समाज को भी खतरा है। उन्होंने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार को निर्देश दिया कि कोरोना के प्रसार को रोकने, कोरोना के संदिग्ध मरीजों तथा कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करें एवं उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर अधिक से अधिक जांच कराएं।

इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 51 हो गयी है जबकि इससे संक्रमित मुंगेर निवासी एक मरीज की 21 मार्च को मौत हो गयी थी। सिवान जिला जहां कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे अधिक 20 मामले प्रकाश में आए हैं, जिनमें से 14 मामले रघुनाथपुर प्रखण्ड के पंजवार गांव के एक ही परिवार में आए है। सिवान के जिलाधिकारी अमित कुमार पाण्डेय ने बताया, ‘‘पंजवार गांव और उसके आसपास के कुल 95 व्यक्तियों को नवोदित विद्यालय स्थित पृथक केंद्र में रखा गया है। पृथकवास में रखे गए लोगों में 48 पुरुष तथा 47 महिला हैं। इनमें से 50 के नमूने जांच के लिये पटना भेजा गया है। आसपास के तीन किलोमीटर के दायरे में आने जाने को प्रतिबंधित कर दिया गया है।’’ उन्होंने कहा कि पंजवार गांव की सभी गलियों को सेनेटाइज किया जा रहा है तथा जिले में लाकडाउन का सख्ती से पालन किया जा रहा है। गौरतलब है कि पंजवार गांव का एक व्यक्ति ओमान से अपने गांव आया था जो कि जांच में कोरोना संक्रमित पाया गया था। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि सिवान जिला के पंजवार गांव और बेगूसराय जिला के तेघडा अनुमंडल में मंसूरचक और उसके बगल की एक अन्य पंचायत को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। बिहार में अबतक कोरोना संक्रमित 15 लोग ठीक भी हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव दीपक कुमार को यह भी निर्देश दिया कि सभी जिलाधिकारी एवं सभी अनुमण्डल पदाधिकारी राशन कार्ड के अस्वीकृत एवं लंबित आवेदनों की पुनः समीक्षा कर नियमानुसार तेजी से उसका समाधान करें। मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुये कहा कि फरवरी एवं मार्च माह में असमय ओलावृष्टि- वर्षा के कारण किसानों को हुयी फसल क्षति के लिए कृषि इनपुट सब्सिडी के रूप में स्वीकृत राशि किसानों के खाते में अविलम्ब डीबीटी के माध्यम से अंतरित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि जिम्मेवार क्षेत्रीय अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि सभी जरूरतमंद व्यक्तियों को आपदा राहत केन्द्रों के जरिये जरूरी लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया गया कि जरूरतमंद व्यक्तियों की सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें आवश्यक मदद मिल सके। लोगों की समस्याओं के प्रति पदाधिकारी संवेदनशील रहें तथा उनसे मिलने वाली सूचनाओं को गंभीरता से लें ताकि उन्हें जल्द से जल्द राहत मिल सके।

प्रमुख खबरें

Rishabh Pant की Delhi Capitals में वापसी पर AB de Villiers बोले- यह बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं था

Tazmin Brits के शतक का तूफान, South Africa की बड़ी जीत ने बदला Semifinal का पूरा समीकरण

England में Kiwi बल्लेबाजों का कहर, 96 साल पुराना Test Record तोड़ रचा नया इतिहास

FIFA World Cup 2026 में गोलों की बौछार, Lionel Messi की Golden Boot की दावेदारी हुई मजबूत