By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 21 नवंबर को वैशाली जिले के राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को अक्षत लेकर घर-घर पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। राय ने अक्षत के महत्व पर कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में अक्षत केवल चावल का दाना नहीं, बल्कि श्रद्धा, सम्मान, शुभता और मंगलकामना का प्रतीक है।
उन्होंने का कि अक्षत देकर आमंत्रित करना किसी को केवल कार्यक्रम में बुलाना नहीं, बल्कि सम्मानपूर्वक उस शुभ अवसर का सहभागी बनने का आग्रह करना है। प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान के अनुसार, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वैशाली आगमन बिहार के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में बिहार विकास, औद्योगिक प्रगति, आधारभूत संरचना, रोजगार और निवेश के नए अवसरों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।