आखिर क्यों बनाई जा रही ब्रह्मोस मिसाइल ? राजनाथ बोले- ताकि कोई भारत की तरफ बुरी नजर उठाकर देखने की जुर्रत न करे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 26, 2021

लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम ब्रह्मोस इसलिए बनाना चाहते हैं ताकि दुनिया का कोई देश भारत पर बुरी नजर उठाकर देखने की जुर्रत न कर सके। रक्षामंत्री सिंह ने रक्षा प्रौद्योगिकी एवं परीक्षण केंद्र तथा ब्रह्मोस विनिर्माण केंद्र के शिलान्यास के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा, हम ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं, रक्षा के दूसरे उपकरण और हथियार बना रहे हैं तो दुनिया के किसी देश पर आक्रमण करने के लिए नहीं बना रहे हैं। सिंह ने कहा, हम तो हिंदुस्तान की धरती पर ब्रह्मोस इसलिए बनाना चाहते हैं कि भारत के पास कम से कम ऐसी ताकत हो कि दुनिया का कोई देश भारत की तरफ बुरी नजर उठाकर देखने की जुर्रत न करे। 

उन्होंने कहा, इनसे यहां के लोगों को रोजगार भी हासिल होगा और उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।’’राजनाथ सिंह ने रक्षा वैज्ञानिकों और अभियंताओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया और कहा, मैने कल्पना नहीं की थी कि छह आठ, दस माह में भी भूमि अधिग्रहण हो पाएगा लेकिन मुख्यमंत्री जी ने डेढ़ माह में इस परियोजना के लिए दो सौ एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। उन्होंने माफियाओं के दमन के लिए योगी की तारीफ करते हुए कहा कि हर काम में योगी जी दरियादिली दिखाते, लेकिन एक काम में कंजूसी करते हैं, ये माफियाओं के मामले में जरा भी रियायत नहीं देते। सभी जगह बुलडोजर चल रहे हैं, इस समय बल्‍ले बल्‍ले है लेकिन अपराधियों की नहीं बल्कि बुलडोजर वालों की है। इसी का परिणाम है कि भारत के ही नहीं दुनिया के निवेशक उत्तर प्रदेश में अपना पैसा निवेश करने आ रहे हैं।

उन्होंने प्रसिद्ध मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि लखनऊ में ही अब ब्रह्मोस मिसाइल बनेगी और नये नये अनुसंधान यहां पर होंगे और भारत को रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और हमेशा दुनिया को मैत्री और शांति का संदेश दिया है लेकिन हमारी मैत्री, करुणा का संदेश मानवता के कल्याण को ध्‍यान में रखकर है। इसका मतलब नहीं कि हम अपने देश की 135 करोड़ जनता की सुरक्षा पर किसी भी प्रकार की आंच आने दें। 

इसे भी पढ़ें: चुनाव से पहले यूपी में भाजपा के दिग्गजों ने झोंकी पूरी ताकत, 6 जिलों से जन विश्वास यात्रा का आगाज

योगी ने कहा कि विगत साढ़े सात वर्ष के अंदर केंद्र सरकार द्वारा किये गये ऑपरेशन को देखा होगा और हर व्‍यक्ति इस बात को मानता है कि ये नया भारत है, छेड़ता नहीं है लेकिन अगर कोई छेड़ता है तो उसे छोड़ता भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, ब्रह्मोस का उत्पादन लखनऊ में हो तो लखनऊ अब केवल इस बात के लिए नहीं होगा कि मुस्कुराइये आप लखनऊ में हैं बल्कि लखनऊ अब दुश्मन देश के लिए दहाड़ने की बात भी कर सकता है। यहां बनने वाली मिसाइल न केवल रक्षा आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम बनेगी बल्कि भारत की सुरक्षा पंक्ति को और सुदृढ़ करने और युवाओं के रोजगार के लिए भी एक बेहतरीन माध्‍यम बनेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद कौशल किशोर तथा राज्‍य सरकार के कई मंत्री और विधायक तथा रक्षा सचिव मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

Jemimah Rodrigues की जगह Pratika Rawal की एंट्री, Asia Cup से पहले Indian Womens Team में हुआ बड़ा बदलाव

Electronics Export में 57% की रिकॉर्ड उछाल, लेकिन China और Taiwan पर निर्भरता अब भी बड़ी Challenge

Ferran Torres छोड़ेंगे Barcelona: PSG के साथ 50 Million Euro के बड़े Transfer सौदे पर लगी मुहर

Manchester United नहीं करेगा 100 Million का मेगा सौदा, कोच Michael Carrick ने Transfer Strategy पर तोड़ी चुप्पी