चुनाव से पहले यूपी में भाजपा के दिग्गजों ने झोंकी पूरी ताकत, 6 जिलों से जन विश्वास यात्रा का आगाज

BJP
अंकित सिंह । Dec 19 2021 5:51PM

यात्रा के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि इन यात्राओं के माध्‍यम से हम भाजपा के केंद्र और राज्‍य सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और यह यात्रा जातिवाद, तुष्टिकरण और वंशवाद की सीमाओं को तोड़ देगी।

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने है। सत्तारूढ़ भाजपा एक बार फिर से सत्ता में वापसी के लिए पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में आज पार्टी की ओर से जन विश्वास यात्रा का आगाज किया गया। जन विश्वास यात्रा को उत्तर प्रदेश में 6 जगहों से निकाला गया जिसे पार्टी के दिग्गज नेताओं ने हरी झंडी दिखाई। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अंबेडकरनगर में यात्रा को हरी झंडी दिखाई। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में मौजूद रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह झांसी में विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाई तो वहीं केंद्रीय परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बिजनौर से इस यात्रा को विदा किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बलिया में मौजूद रहे तो वही महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने गाजीपुर में यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान सभी नेताओं ने विशाल जनसभा को संबोधित भी किया। 

यात्रा के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि इन यात्राओं के माध्‍यम से हम भाजपा के केंद्र और राज्‍य सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और यह यात्रा जातिवाद, तुष्टिकरण और वंशवाद की सीमाओं को तोड़ देगी। उन्होंने बताया कि छह यात्राएं प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए गुजरेंगी और जनता के आशीर्वाद से विधानसभा चुनाव में हम 300 से अधिक सीटें जीतकर दोबारा भाजपा की सरकार बनाएंगे। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में छह परिवर्तन यात्राओं की शुरुआत की और उस समय की समाजवादी पार्टी की सरकार के खिलाफ परिवर्तन का संकल्प लेकर प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों से यह यात्रा गुजरी। 2017 में भाजपा और सहयोगियों ने उत्‍तर प्रदेश विधानसभा की 403 सीटों में 325 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी।

इसे भी पढ़ें: केएमसी चुनाव : दो इलाकों में बम फेंके गए, भारी सुरक्षा के बीच हुआ मतदान

भाजपा है तो विकास है: जेपी नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अंबेडकरनगर में यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समाजवादी चिंतक डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की जन्मभूमि अंबेडकर नगर से जनविश्वास यात्रा की शुरुआत करते हुए जनसभा में भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा, हम समर्पित भाव से लोगों की सेवा करते हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, ये सिर्फ भाजपा के नेतृत्व में ही संभव है। बाकी किसी राजनीति पार्टी में ये कभी भी संभव नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि पहले संस्कृति थी कि वोट बंटोरो, भाई को भाई से लड़ाओ, लोगों से वोट लेकर उन्हें भूल जाओ और अगले चुनाव में नए-नए नारे लेकर आ जाओ। अब जनता के बीच जाना, लोगों का विश्वास प्राप्त करना, जो कहा था, वो करके दिखाना, ये संस्कृति मोदी जी ने विकसित की है। देश में सभी राजनीतिक पार्टियां परिवारवाद से ग्रसित हो चुकी हैं। वोटबैंक की राजनीति करती हैं। मोदी जी की सभी योजनाएं एक ही बात को इंगित करती हैं- सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास।

हम जो कहते हैं वो करते हैं: राजनाथ

देश के रक्षा मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने आज झांसी में उत्तर प्रदेश चुनाव के मद्देनजर जन विश्वास यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सरकार जो कहती है वह करके दिखाती है। राजनाथ सिंह ने कहा कि हम जनता से झूठ बोलकर जनता का समर्थन हासिल नहीं करना चाहते हैं। हम जो बोलते हैं वो करते हैं। आज़ाद भारत के इतिहास में नेताओं ने जनता से कई वादे किए। उन नेताओं ने अगर अपने वादे पूरे कर दिए होते तो शायद भारत आज दुनिया का ताक़तवर देश बन गया होता। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में विश्वास का संकट हमने दूर किया है। हम जो कहते हैं वो करते हैं। 

इसे भी पढ़ें: PM मोदी बोले- जिंदादिली गोवा का स्वभाव, कम समय में तय की लंबी दूरी

योगी आदित्यनाथ बोले- हमारी सरकार के लिए जनता ही परिवार

आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंचे थे जहां उन्होंने जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाई। अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला किया। इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे लिए जनता ही परिवार है। हमारी सरकार में यहां से लोगों का पलायन नहीं हुआ है बल्कि अपराधियों का पलायन हुआ है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले पौने पांच साल के दौरान प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ, कोई पलायन नहीं हुआ। योगी ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान हिंदुओं को राज्य छोड़ने के लिए मजबूर किया गया था। 2017 के बाद, हमने उन्हें सुरक्षा, रोजगार और उनकी मांग की हर चीज मुहैया कराई। अब वे वापस राज्य में आ गए हैं। भाजपा के सत्ता में आने के बाद सिर्फ अपराधी और गैंगस्टर राज्य छोड़कर गए।

डबल इंजन सरकार से ही होगा उत्तर प्रदेश का विकास: शिवराज

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बलिया में जन विश्वास यात्रा में शामिल हुए। शिवराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जहां देखिए अखिलेश यादव, डिंपल यादव और उनके परिवार के ही लोग राज कर रहे थे। यह बीजेपी की सरकार है, जहां गरीब परिवार की बहन को भी सत्ता में भागीदारी मिल रही है, तो मजदूर के बेटे को भी अवसर मिल रहा है। कांग्रेस के नेता जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव जी, राहुल जी, प्रियंका गांधी और आगे की पीढ़ी भी तैयार है। सपा में देखिये, मुलायम सिंह यादव के बाद अखिलेश जी, सुश्री डिम्पल जी, लेकिन भाजपा में यह परिवारवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरे गरीब भाई-बहनों को क्या चाहिए रोटी, कपड़ा, मकान, दवाई, पढ़ाई लिखाई। लेकिन मैं पूछता हूं कि क्या यह कभी अखिलेश यादव की सरकार ने किया? उन्होंने कभी गरीब की चिंता की? यह तो योगी जी की सरकार है, सभी का विकास हो रहा है। अब चुनाव आ रहे हैं, तो अखिलेश बबुआ आएंगे और प्रलोभन देंगे, इधर उधर की बातें करेंगे, लेकिन आप सभी से अपील है कि इन बातों में आने की जरूरत नहीं है। हमें मोदी-योगी जी की डबल इंजन सरकार से ही उत्तर प्रदेश का विकास चाहिए। 

इसे भी पढ़ें: अखिलेश यादव का आरोप, अनुपयोगी मुख्‍यमंत्री हमारा फोन टेप करा रहे हैं

माफियाओं की छाती पर चल रहा बुलडोजर: स्मृति ईरानी

स्मृति ईरानी ने गाजीपुर से जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के प्रधान सेवक लोगों को मुफ्त में विकसित पहुंचा रहा है जबकि अखिलेश यादव ने गरीबों को वैक्सीन लगवाने से मना कर दिया था और खुद ही लगवा ली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता का इंजेक्शन अब सपा को लगेगा। चुनाव से पहले कुछ लोग हिंदू होने का दावा करते हैं। अपने संबोधन में स्मृति ईरानी ने कहा कि माफियाओं के छाती पर आज बुलडोजर चल रहा है और इससे दर्द सपा को हो रहा है। 

योगी सरकार में हो चुका है सड़कों का कायाकल्प: नितिन गडकरी

केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बिजनौर से जन विश्वास यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि दिल्ली-देहरादून का सफर आने वाले दिनों में 2 घंटे में कर सकते हैं। नितिन गडकरी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सड़के गड्ढा मुक्त हो चुकी है। सड़कों का कायाकल्प हो चुका है। जो यात्रा हम पहले 3 घंटे में करते थे वह आज के 1 घंटे में हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता है, इसलिए इस बार भी सरकार को चुनने का काम जनता को ही करना है। जब भी विजय होती है सत्य की ही होती है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़