By नीरज कुमार दुबे | Oct 22, 2024
आज की राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। चुनावी रणनीति बनाने में उस्ताद माने जाने वाले अमित शाह जिस तरह सूक्ष्म से सूक्ष्म चुनावी प्रबंधन पर जोर देते हैं उसके चलते ही भाजपा का विजय रथ पिछले दस सालों से निरंतर आगे बढ़ता चला जा रहा है। जिस तरह भ्रष्टाचार के विरोध में सख्त रुख रखने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में मशहूर है कि ना वह खाते हैं ना खाने देते हैं उसी तरह अमित शाह के बारे में मशहूर है कि वह ना तो खुद आराम करते हैं ना किसी को करने देते हैं। अमित शाह जब भाजपा अध्यक्ष बने थे तो वह सबसे बड़ा परिवर्तन संगठन में यह लेकर आये थे कि संगठन एक तरह से चौबीस घंटे कार्य करने लगा था। लक्ष्य निर्धारित करके उसे हासिल करने में जुट जाने और उस दिशा में किये जा रहे प्रयासों से पार्टी को निरंतर अवगत कराने की जो प्रक्रिया अमित शाह ने शुरू की थी उसके चलते भाजपा हर बार चुनावी तैयारी के लिहाज से दूसरों से बहुत आगे रहती है। अमित शाह ने भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद देश के हर जिले में भाजपा का कार्यालय खोलने पर जोर दिया था इसी के चलते आज यह वास्तविकता में राष्ट्रीय पार्टी बन पाई और दुनिया के सबसे ज्यादा सदस्यों वाले राजनीतिक दल का खिताब भी हासिल किया।
अमित शाह की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जो ट्यूनिंग देखने को मिलती है वैसी मिसाल राजनीति में कम ही दिखती हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को यदि राजनीतिक रूप से कोई खतरा नहीं है तो इसका एक कारण यह भी है कि उनके राजनीतिक कवच बन कर अमित शाह हमेशा खड़े रहते हैं। मोदी ने अमित शाह को कठिन से कठिन कार्य दिये लेकिन उन्होंने जिस तरह सफल रणनीति बनाकर उन्हें अंजाम तक पहुँचाया उसके चलते मोदी भी उनके मुरीद हैं। अमित शाह के जन्मदिन पर मोदी ने उन्हें विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए अथक परिश्रम करने वाला असाधारण प्रशासक बताया है। अमित शाह के 60 साल के होने पर मोदी ने कहा, "अमित शाह को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वह एक मेहनती नेता हैं जिन्होंने भाजपा को मजबूत करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है।" उन्होंने कहा, "शाह ने एक असाधारण प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बनाई है और वह विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए कई प्रयास कर रहे हैं। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।"
हम आपको बता दें कि अमित शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में रह रहे एक गुजराती परिवार में, कुसुम बेन और अनिलचंद्र शाह के घर हुआ था। अमित शाह के दादा गायकवाड़ के बड़ौदा स्टेट की एक छोटी रियासत मानसा के नगर सेठ थे। अमित शाह जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे तब पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में इतिहास रचते हुए 300 से अधिक सीट पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें नयी सरकार में गृह मंत्री बनाया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने छह जुलाई, 2021 को जब सहकारिता मंत्रालय का गठन किया तो अमित शाह को सहकारिता मंत्री का दायित्व भी मिला। सहकारिता क्षेत्र में अमित शाह का अनुभव विस्तृत एवं व्यापक है जिसे देखते हुए प्रधानमंत्री ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी थी। हम आपको यह भी बता दें कि अमित शाह करीब चार दशक से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद सहयोगी रहे हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के लिए भाजपा के प्रभारी के रूप में अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी ने 80 संसदीय सीट में से 71 पर जीत हासिल की थी जबकि 2009 के लोकसभा चुनावों में पार्टी ने प्रदेश में सिर्फ 10 सीट ही जीती थीं। उत्तर प्रदेश में 2014 में अमित शाह की रणनीति की सफलता की बदौलत ही नरेंद्र मोदी के लिए प्रधानमंत्री के पद तक पहुँचने की राह आसान हुई थी।
अमित शाह को मिल रही शुभकामनाओं की बात करें तो आपको बता दें कि उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शाह को अत्यंत कर्मठ एवं परिश्रमी नेता बताते हुए कहा है कि वह भारत की आंतरिक सुरक्षा को सशक्त करने में पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा, "वह भारत और भाजपा दोनों के विकास एवं उत्थान के लिए जिस तरह का परिश्रम कर रहे हैं, वह सराहनीय है। मैं उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।" भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि राष्ट्र के प्रति शाह का परिश्रम, समर्पण और संगठनात्मक कुशलता भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा, "देश के गृहमंत्री के रूप में राष्ट्रीय और आंतरिक सुरक्षा में आपका उल्लेखनीय योगदान अविस्मरणीय है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ व यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।" वहीं विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "राष्ट्र की सुरक्षा, विकास एवं सशक्तीकरण में आपका योगदान बहुमूल्य है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना करता हूं।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें ‘‘अनुशासन और परिश्रम का जीता जागता प्रतीक’’ बताया है। मुख्यमंत्री ने उनसे फोन पर बात करके उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, ''अनुशासन और कर्मठता के जीवंत प्रतीक, करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, सहकार से समृद्धि के भाव को निरंतर चरितार्थ कर रहे लोकप्रिय जननेता, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!'' उन्होंने कहा, ''समृद्ध, सुरक्षित और सशक्त राष्ट्र के निर्माण हेतु आपकी प्रतिबद्धता ने मां भारती को निरंतर गौरवभूषित किया है। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना है।''