उ. कोरिया, रूस का सैन्य सहयोग संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों का उल्लंघन: अमेरिका, सहयोगी देशों का आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 30, 2025

अमेरिका और उसके 10 सहयोगी देशों ने कहा है कि रूस और उत्तर कोरिया के बीच सैन्य सहयोग संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों का खुला उल्लंघन है और इससे रूस को यूक्रेन के शहरों पर मिसाइल हमले बढ़ाने में मदद मिली है।

इस बहुपक्षीय प्रतिबंध निगरानी दल में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन शामिल हैं। इस दल की 29 पृष्ठों की रिपोर्ट में कहा गया है कि उसके द्वारा एकत्र किए गए साक्ष्य दर्शाते हैं कि उत्तर कोरिया और रूस ऐसी ‘‘अनेक गैरकानूनी गतिविधियों’’ में संलिप्त हैं जो संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध प्रस्तावों के तहत स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर कोरिया ने यूक्रेन में युद्ध में रूस के इस्तेमाल के लिए समुद्री, हवाई और रेल मार्ग के जरिए तोप, बैलिस्टिक मिसाइल और लड़ाकू वाहन समेत हथियार एवं संबंधित सामग्री भेजी है।

टीम ने कहा कि रूस ने उत्तर कोरिया को वायु रक्षा प्रणाली हस्तांतरित की है और उसकी सेनाओं ने रूसी युद्ध का समर्थन करने के लिए तैनात उत्तर कोरिया के सैनिकों को प्रशिक्षित किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों के तहत तय वार्षिक सीमा से कहीं अधिक मात्रा में उत्तर कोरिया को परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति की है तथा प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए उत्तर कोरिया के साथ बैंकिंग संबंध भी बनाए रखे हैं।

इन 11 देशों ने कहा कि इस गैरकानूनी सहयोग से ‘‘मॉस्को को यूक्रेनी शहरों पर मिसाइल हमले बढ़ाने में मदद मिली है। इन हमलों में अहम असैन्य बुनियादी ढांचों पर किए गए लक्षित हमले भी शामिल हैं।’’

संयुक्त राष्ट्र स्थित रूसी मिशन से इस रिपोर्ट पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। रिपोर्ट में एक जनवरी 2024 से 30 अप्रैल 2025 के बीच की अवधि को शामिल किया गया है तथा इस बात के साक्ष्य दिए गए हैं कि रूस और उत्तर कोरिया निकट भविष्य में अपने सैन्य सहयोग को और अधिक गहरा करने का इरादा रखते हैं।

प्रमुख खबरें

Meta ने पेश किया नया Muse Wonder AI मॉडल OpenAI से बेहतर होने का दावा

UPSSSC JE Recruitment: यूपी में 1500 से ज्यादा पदों पर भर्ती, इंजीनियरिंग Diploma जरूरी

हेल्थकेयर और शिक्षा से वंचित Pakistan की 38% आबादी, UNDP ने जारी किए आंकड़े

CRINK Alliance बना US के लिए चुनौती, लेकिन China और Russia में गहरा अविश्वास