कांग्रेस अध्यक्ष बनने का इच्छुक नहीं, MP पर ध्यान देना चाहता हूं: कमलनाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 28, 2022

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने बुधवार को कहा कि वह पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के इच्छुक नहीं हैं और वह इस पद के लिए चुनाव नहीं लड़ना चाहते क्योंकि वह अपने गृह राज्य पर ध्यान देना चाहते हैं, जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहे हैं क्योंकि राहुल गांधी ने पार्टी की बागडोर संभालने से इनकार कर दिया है। कमलनाथ ने यहां एक सवाल के जवाब में पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने राहुल गांधी से बात की और उनसे चुनाव लड़ने का आग्रह किया ताकि यह सब (जारी उठापटक) समाप्त हो सके। मैंने उनसे कहा कि चीजें पेचीदा हो रही हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि वह (पार्टी अध्यक्ष)नहीं बनना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब, जब वह (राहुल गांधी)पार्टी प्रमुख नहीं बनना चाहते हैं....चुनाव हो रहे हैं। जे पी नड्डा अपनी पार्टी में बिना किसी चुनाव के भाजपा के अध्यक्ष बन गए। चुनाव कराने के बात तो दूर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नड्डा के पद पर नियुक्त होने से पहले पार्टी के 10 नेताओं तक से राय नहीं ली।’’ यह पूछे जाने पर कि वह स्वयं पार्टी के शीर्ष पद का चुनाव क्यों नहीं लड़ना चाहते, कमलनाथ ने कहा कि वह दिल्ली गए थे और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से कहा कि वह मध्य प्रदेश नहीं छोड़ेंगे क्योंकि केवल 12 महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। 

इसे भी पढ़ें: राजस्थान संकट की वजह से गुजरात में बिगड़ ना जाए कांग्रेस का खेल! अशोक गहलोत के पास है अहम जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं यह जिम्मेदारी नहीं लूंगा क्योंकि इससे मेरा ध्यान मध्य प्रदेश से हट जाएगा। मैं अपना ध्यान मध्य प्रदेश से नहीं हटाना चाहता।’’ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि पार्टी के नये अध्यक्ष को पहले गुजरात और हिमाचल प्रदेश पर ध्यान केंद्रित करना होगा जहां चुनाव जल्द होने हैं और हर राज्य के लिए एक रणनीति तैयार करने की आवश्यकता होगी। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल नवंबर में होना है। यह पूछे जाने पर कि क्या राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे, कमलनाथ ने कहा, ‘‘ मुझे जानकारी नहीं है।’’ तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के सांसद शशि थरूर द्वारा नामांकन दाखिल करने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कमलनाथ ने कहा, ‘‘मैंने उनके साथ बात की। वह अपना नामांकन दाखिल करना चाहते हैं क्योंकि चुनाव है और ऐसा नहीं लगना चाहिए कि चुनाव नहीं होते हैं।’’ कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘इस संबंध में उनसे पूछें कि क्या वह तैयार हैं।’’ राजस्थान के राजनीतिक घटनाक्रम पर कमलनाथ ने कहा कि उन्हें गहलोत ने कहा कि वहां विधायकों द्वारा बैठक आयोजित करने में वह शामिल नहीं थे। उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल लोगों को अनुशासनहीनता के लिए कारण बताओ नोटिस दिया गया है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह गहलोत को ‘क्लीन चिट’ दे रहे हैं, कमलनाथ ने कहा कि वह केवल वही जानकारी दे रहे हैं जो गहलोत ने उन्हें दी है। उन्होंने कहा कि वह राजस्थान के घटनाक्रम में शामिल नहीं होना चाहते क्योंकि वह मध्य प्रदेश पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। 

प्रमुख खबरें

Neil Armstrong Death Anniversary: Korean War में मौत को मात देने वाले Neil Armstrong कैसे बने Moon Hero

Cyber Fraud: MP में अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, 80 लाख का फर्जी लेनदेन उजागर

Tarun Tejpal Sexual Assault Case में बड़ा झटका, Supreme Court ने 2 हफ्ते में Surrender करने का दिया आदेश

Purple Style Labs का 680 करोड़ रुपये का IPO 31 अगस्त को खुलेगा, पूरी तरह फ्रेश इश्यू