NSEIX पर अब रोजाना 23.5 घंटे होगा कारोबार, GIFT City ने बदला ट्रेडिंग शेड्यूल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 03, 2026

 एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज (एनएसईआईएक्स) ने अपने बाजार में कारोबार का समय बढ़ाकर रोजाना 23.5 घंटे कर दिया है। इससे वैश्विक निवेशक एशियाई, यूरोपीय और अमेरिकी बाजारों के कारोबारी सत्रों के दौरान इसपर भी कारोबार कर सकेंगे। एनएसईआईएक्स ने मंगलवार को बयान में कहा कि दो नवंबर से लागू हुए नए समय के तहत बाजार में कारोबार सुबह तीन बजकर 15 मिनट पर शुरू होगा और अगले दिन तड़के दो बजकर 45 मिनट तक जारी रहेगा। इससे पहले, सूचकांक में करीब 21 घंटे कारोबार की सुविधा उपलब्ध थी।

 इसके अलावा, इससे उन्हें वैश्विक घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देने और अलग-अलग समय क्षेत्रों में अपने बाजार जोखिम से निपटने में मदद मिलेगी। इस पहल से भारत को वैश्विक पूंजी बाजारों से जोड़ने वाले अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में ‘गिफ्ट सिटी’ की स्थिति भी मजबूत होने की उम्मीद है। एनएसईआईएक्स के अनुसार, उसका प्रौद्योगिकी बुनियादी ढांचा कारोबारी सत्रों के बीच तीन मिनट के भीतर और दिन का कारोबार समाप्त होने पर 15 मिनट से भी कम समय में प्रणाली के रखरखाव तथा ‘अपडेट’ की सुविधा देता है। 

एनएसईआईएक्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) वी. बालासुब्रमण्यम ने कहा, ‘‘एनएसईआईएक्स में कारोबार का समय बढ़ाकर 23.5 घंटे करना ‘गिफ्ट सिटी’ से वैश्विक स्तर पर सुलभ बाजार बनाने के हमारे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। 

सभी समय क्षेत्रों में बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराकर हम प्रतिभागियों को अधिक सुविधा दे रहे हैं और वैश्विक वित्तीय बाजारों के साथ ‘गिफ्ट सिटी’ का संपर्क मजबूत कर रहे हैं।’’ एनएसईआईएक्स एक अंतरराष्ट्रीय बहु-परिसंपत्ति सूचकांक है, जिसकी स्थापना जून 2017 में ‘गिफ्ट सिटी’ (गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी) में की गई थी। इसे अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) से मान्यता प्राप्त है।

प्रमुख खबरें

पीलीभीत में वोटर लिस्ट गड़बड़ी पर दो पूर्व SDM और ऑपरेटर पर BNS धारा 198 दर्ज

Haryana Assembly ने 60 वर्ष पूरे होने पर आयोजित किया जनप्रतिनिधि सम्मेलन

Rajasthan Panchayat Election के तीसरे चरण में दोपहर एक बजे तक 36.76 फीसदी वोटिंग

Diwali पर आए मेहमानों को चाय के साथ परोसें लौकी के छिलके से बने क्रिस्पी कबाब, नोट करें रेसिपी