By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 31, 2026
सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी का चालू वित्तवर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध मुनाफा 40.68 प्रतिशत बढ़कर 7,351 करोड़ रुपये हो गया। बिजली उत्पादन में वृद्धि और परिचालन दक्षता में सुधार से कंपनी का मुनाफा बढ़ा। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस मजबूत प्रदर्शन में अनुषंगी कंपनियों के मुनाफे में 73 प्रतिशत की वृद्धि का भी योगदान रहा।
सितंबर, 2026 छमाही में एकीकृत शुद्ध मुनाफा बढ़कर 14,247 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्तवर्ष की इसी अवधि में 11,334 करोड़ रुपये था। इस दौरान शुद्ध मुनाफे में 25.70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी ने बताया कि एनटीपीसी के निदेशक मंडल ने वित्तवर्ष 2026-27 के लिए चुकता इक्विटी शेयर पूंजी के 30 प्रतिशत की दर से पहले अंतरिम लाभांश की घोषणा की है।
यह लाभांश तीन रुपये प्रति इक्विटी शेयर होगा। एकल आधार पर एनटीपीसी ने वित्तवर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 46,842 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की, जो वित्तवर्ष 2025-26 की इसी तिमाही के 40,689 करोड़ रुपये के मुकाबले 15.12 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का कर पश्चात मुनाफा भी दूसरी तिमाही में बढ़कर 5,320 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,653 करोड़ रुपये था।
इस तरह इसमें 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। भारत सरकार की महारत्न कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड 91 गीगावाट से अधिक की स्थापित क्षमता के साथ भारत की सबसे बड़ी एकीकृत ऊर्जा कंपनी है।