Nutrifresh दक्षिण भारत में 150 एकड़ फार्म के लिए 225 करोड़ रुपये करेगी निवेश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

कृषि एवं खाद्य क्षेत्र की प्रमुख कंपनी न्यूट्रिफ्रेश बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में मार्च, 2028 तक करीब 150 एकड़ में जलवायु नियंत्रित खेती वाले फार्म विकसित करेगी। कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस परियोजना पर किसान साझेदारों के योगदान सहित कुल 200-225 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। कंपनी ने एक बयान में कहा कि वह अपनी पूंजी से 75 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी, जबकि शेष राशि उसके किसान साझेदार लगाएंगे।

न्यूट्रिफ्रेश फिलहाल बेंगलुरु में 25 एकड़ में खेती कर रही है। कंपनी हैदराबाद में भी विस्तार कर रही है, जहां मार्च, 2027 तक 25 एकड़ में खेती शुरू होने की उम्मीद है। इससे दक्षिण भारत में कंपनी का कुल खेती वाला क्षेत्रफल बढ़कर 50 एकड़ हो जाएगा।

इसके बाद कंपनी अप्रैल, 2027 से मार्च, 2028 के बीच तीनों शहरों में 100 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विस्तार करने की योजना बना रही है। कंपनी ने कहा कि निवेश की राशि का इस्तेमाल पौधशालाओं और फसल कटाई के बाद की बुनियादी सुविधाओं के विकास पर किया जाएगा। केंद्रीकृत पौधशालाओं से विभिन्न फार्मों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि रणनीतिक स्थानों पर बनाए जाने वाले वितरण केंद्रों में उपज की छंटाई, श्रेणीकरण और पैकेजिंग की जाएगी।

खेती अलग-अलग फार्म में की जाएगी। कंपनी के अनुसार, इस केंद्र और उससे जुड़े फार्म के मॉडल से उत्पादन को बड़े उपभोक्ता बाजारों के करीब लाने में मदद मिलेगी। इससे परिवहन लागत और कार्बन उत्सर्जन कम करने के साथ-साथ पूरे साल नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

न्यूट्रिफ्रेश के पास करीब 200 एकड़ कंपनी के स्वामित्व वाली कृषि भूमि है। इसके नेटवर्क में किसान साझेदारों की लगभग 50 एकड़ जमीन भी शामिल है, जबकि 100 एकड़ से अधिक साझेदार भूमि पर विकास कार्य चल रहा है। विकास के अधीन जमीन में से करीब 60 एकड़ में पॉलीहाउस हाइड्रोपोनिक्स और शेष क्षेत्र में पॉलीहाउस के भीतर मिट्टी आधारित खेती की जाएगी।

कंपनी ताजा उपज और हरी सब्जियों की 100 से अधिक किस्में बेचती है। इसके 100 से अधिक व्यावसायिक ग्राहक हैं, जिनमें स्विगी, जेप्टो, बिगबास्केट और रिलायंस फ्रेश शामिल हैं। कंपनी व्यापारी निर्यातकों को भी आपूर्ति करती है, हालांकि उसका प्राथमिक ध्यान घरेलू बाजार पर है।

न्यूट्रिफ्रेश में 833 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 65 प्रतिशत महिलाएं हैं। खेतों में काम करने वाले कर्मचारियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत है। कंपनी ने कहा कि विस्तार से खेती के संचालन, लॉजिस्टिक और वितरण के क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संकेत मेहता ने कहा, दक्षिण भारत न्यूट्रिफ्रेश के लिए एक रणनीतिक उपलब्धि है। उन्होंने इस क्षेत्र की विविध सूक्ष्म जलवायु परिस्थितियों और प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कंपनी का ध्यान लाभदायक वृद्धि और भारतीय उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उपज की भरोसेमंद आपूर्ति पर बना रहेगा।

प्रमुख खबरें

Ghaziabad CBI Court से Azam Khan को झटका, Jauhar University केस में ED को मिली 4 दिन की रिमांड

ZEEL Board ने 600 करोड़ रुपये के Share Buyback प्रस्ताव को दी मंजूरी

Akhilesh Yadav ने नहीं दिया भाव तो Owaisi और Chandrashekhar Azad ने उतारी गठबंधन की नाव, वोटकटवों का गठजोड़ क्या सीटें भी जीत पायेगा?

Russia Ukraine War: यूक्रेन का पारा हाई, 1000 ड्रोन से रूस पर हमला!