By Ankit Jaiswal | Nov 26, 2026
अमेरिकी कंपनी एनवीडिया की एडवांस एआई चिप की अचानक बड़ी संख्या में बिक्री के लिए पेशकश की जा रही है। इसकी वजह अमेरिका की ओर से चीन को लेकर बनाए गए नए नियम बताए जा रहे हैं। इन नियमों के बाद चिप बेचने वाले कारोबारियों को नए खरीदारों की तलाश करनी पड़ रही है। दरअसल, अमेरिका ने चीन की कंपनियों के लिए दूसरे देशों में मौजूद डेटा सेंटर के जरिए एनवीडिया की एडवांस चिप इस्तेमाल करने का रास्ता भी बंद कर दिया है।
सीएनबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 16 नवंबर को डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से नए प्रतिबंधों की घोषणा के तुरंत बाद बाजार में एनवीडिया के ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) की उपलब्धता बढ़ने लगी। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि बिक्री के लिए आ रही चिप की यह बड़ी खेप सीधे तौर पर अमेरिकी नियमों में हुए बदलाव से जुड़ी है।
अमेरिका के वाणिज्य विभाग के उद्योग एवं सुरक्षा ब्यूरो ने इन नए नियमों को अंतरिम अंतिम आदेश के रूप में जारी किया है। ये नियम 19 नवंबर से लागू हो गए हैं। इनका मकसद उन कंपनियों पर रोक लगाना है, जो दूसरे देशों में बने डेटा सेंटर के जरिए अमेरिकी निर्यात नियमों से बचकर चीन को एडवांस तकनीक तक पहुंच दे रही थीं। बता दें कि अमेरिका पहले ही एनवीडिया की सबसे एडवांस चिप की सीधे चीन को बिक्री पर रोक लगा चुका है। अब दूर बैठकर इन चिप का इस्तेमाल करने की सुविधा पर भी शिकंजा कसा गया है।
एआई से जुड़ी तकनीकी सुविधाओं के लिए बाजार उपलब्ध कराने वाली कंपनी जीपीयू मार्ट के अध्यक्ष जैक डुहामेल ने सीएनबीसी को बताया कि बाजार में अचानक आई चिप की इस खेप का संबंध नए अमेरिकी नियमों से है। उनके मुताबिक, एक विक्रेता ने साफ तौर पर बताया कि वह नए प्रतिबंधों के कारण अपनी चिप बेच रहा है। वहीं, इस मामले से जुड़े 2 अन्य लोगों ने भी बताया कि बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जा रहे इन उपकरणों को पहले किराये पर देने की योजना थी।
दरअसल, अमेरिका में सांसदों की चिंता लगातार बढ़ रही है कि चीन की कंपनियां किसी न किसी रास्ते से अमेरिकी एआई तकनीक हासिल कर रही हैं। इसी मुद्दे पर अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर ने 26 नवंबर को सीएनबीसी से बातचीत में कहा कि वाणिज्य विभाग ने नए नियम इसलिए बनाए हैं, ताकि इन रास्तों को बंद किया जा सके।
ग्रीर के मुताबिक, अमेरिका पहले ही अपने सबसे एडवांस ब्लैकवेल चिप और इसी स्तर की दूसरी चिप की चीन को सीधी बिक्री पर रोक लगा चुका है। लेकिन कुछ कंपनियां दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे देशों के रास्ते इन चिप तक पहुंच बना रही थीं। इसके अलावा तीसरे देशों के डेटा सेंटर से दूर बैठकर चिप इस्तेमाल करने का विकल्प भी मौजूद था। नए नियमों का मकसद इन दोनों तरीकों को रोकना है।
गौरतलब है कि जुलाई में अमेरिका ने चीनी एआई कंपनी मूनशॉट एआई पर थाईलैंड स्थित एक केंद्र के जरिए एनवीडिया की चिप इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। इसके बाद 5 नवंबर को सीएनबीसी की रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस कंपनी ने यूरोप के डेटा सेंटर के जरिए भी ऐसी चिप तक पहुंच बनाने की कोशिश की थी।
इस बीच एनवीडिया ने प्रस्तावित रिमोट एक्सेस सिक्योरिटी एक्ट को लेकर भी चिंता जताई है। कंपनी का कहना है कि इससे अमेरिकी सरकार को क्लाउड सेवाओं के जरिए चिप इस्तेमाल करने वालों पर ज्यादा निगरानी रखने का अधिकार मिल सकता है। इससे एनवीडिया और उसके ग्राहकों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अमेरिकी प्रतिबंधों का असर अब केवल चीन को होने वाली सीधी बिक्री तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि दुनिया भर में एआई चिप की खरीद-बिक्री और किराये पर उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है।