By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 14, 2026
साल के 10वें महीने की 14 तारीख भारत में खेलों के बड़े आयोजन से जुड़ी है। इसी दिन 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का समापन हुआ था। नयी दिल्ली में तीन अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2010 के बीच 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया गया था। भारत ने 1982 में एशियाई खेलों के सफल आयोजन के करीब तीन दशक के बाद इतने विशाल स्तर पर किसी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया था। खेलों के आयोजन के लिए पूरी दिल्ली में विशेष इंतजाम किए गए थे। खेलों की शुरुआत दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुई और समापन समारोह भी 14 अक्टूबर को यहीं हुआ। 14 अक्टूबर 2022 को ही हांगकांग में एक दुर्लभ गुलाबी हीरे की 5.77 करोड़ अमरीकी डॉलर में नीलामी हुई। इस हीरे ने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नीलामी में प्रति कैरेट सबसे अधिक कीमत का विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। यह हीरा अमेरिका में एक निजी संग्रहकर्ता ने खरीदा। सूथबे, हांगकांग की ओर से नीलाम किए गए 11.15 कैरेट के विलियमसन पिंक स्टार ने प्रति कैरेट 52 लाख डॉलर की कमाई की जो 2015 में नीलाम हुए नीले हीरे के पिछले रिकॉर्ड 40 लाख डॉलर प्रति कैरेट से अधिक थी। विलियमसन पिंक स्टार तंजानिया में विलियमसन खदान से निकला हीरा है। यह खदान गुलाबी हीरे के लिए प्रसिद्ध है, जो रंगीन हीरों में सबसे दुर्लभ और सबसे मूल्यवान हैं। 14 अक्टूबर 2024 को गुजरात के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में भारत ने सात विकेट से एकतरफा जीत दर्ज करके चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया और इस देश के खिलाफ विश्व कप में जीत का रिकॉर्ड 8 . 0 कर लिया। भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 42 . 5 ओवर में 191 रन पर ढेर कर दिया और जवाब में बल्लेबाजों ने 30 . 3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। विश्व कप में 1992 के बाद से भारत की पाकिस्तान पर यह लगातार आठवीं जीत है। 14 अक्टूबर 2025 को राजस्थान के जैसलमेर जिले में जोधपुर जा रही एक निजी बस में आग लगने से 20 लोग जिंदा जल गए और 16 गंभीर रूप से झुलस गए। बस में कुल 57 यात्री थे।