Odisha में गहरे दबाव से भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने कई जिलों में जारी किया Red Alert

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 22, 2026

ओडिशा सरकार ने बुधवार रात राज्य में गहरे दबाव के असर की आशंका के मद्देनजर महत्वपूर्ण स्थानों पर कर्मियों और जरूरी मशीनों की तैनाती की है। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य की तैयारियों की समीक्षा की। 11 जिलों के जिलाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।

जो मछुआरे पहले से समुद्र में हैं, उन्हें वापस लौटने के लिए कहा गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। सोमवार शाम साढ़े पांच बजे यह प्रणाली पुरी से करीब 310 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित थी।

आईएमडी ने कहा कि मौसम प्रणाली के अगले 24 घंटे के दौरान और मजबूत होकर गहरे दबाव में बदलने की प्रबल संभावना है और इसके बाद इसके 23 सितंबर की रात विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच तट को पार करने की संभावना है। यह पूछे जाने पर कि क्या यह मौसम प्रणाली चक्रवाती तूफान में बदल सकती है, गर्ग ने कहा कि आईएमडी ने इसके गहरे दबाव में बदलने का पूर्वानुमान जताया है, चक्रवात में बदलने का नहीं। उन्होंने कहा, “सरकार ने राज्य के तटीय और दक्षिणी क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश और तेज झोंकेदार हवाओं के असर से निपटने के लिए जरूरी कर्मचारियों और मशीनरी को तैनात कर दिया है।” उन्होंने कहा, “संक्षेप में कहें तो इस मौसम प्रणाली के कारण बारिश ज्यादा होगी और हवा अपेक्षाकृत कम चलेगी इसलिए राज्य इससे निपटने के लिए तैयार है।” आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश शुरू हो गई है और इसके 25 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है।

दक्षिणी ओडिशा के कुछ हिस्सों के लिए 23 से 25 सितंबर तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी के लिए भी 24 और 25 सितंबर को ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।

आईएमडी ने कहा कि 23 सितंबर की सुबह से 24 सितंबर की शाम तक दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय तथा आसपास के समुद्री क्षेत्रों में 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

प्रमुख खबरें

New York Climate Week: बिगड़ती पृथ्वी की सेहत सुधारने पर वैश्विक वार्ता शुरू

स्कूल बना कत्लगाह: विरोध करती टीचर को कॉरिडोर में घसीटकर मारी गोली, सिरफिरे आशिक ने बच्चों के सामने मचाया तांडव

Meghalaya High Court का आदेश: सजा पूरी कर चुके विदेशी बंदियों को 28 सितंबर तक निरुद्ध केंद्र भेजें

25 साल पहले भारत ने कैसे अमेरिकी प्रतिबंधों को किया बेअसर! पोखरण-II से लेकर वाशिंगटन के घुटने टेकने तक की पूरी कहानी