Odisha Floods: सुवर्णरेखा समेत प्रमुख नदियों का जलस्तर घटा, छह जिलों में सुधरे हालात

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026

ओडिशा के छह जिलों में शुक्रवार को बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ और पिछले 48 घंटों में भारी बारिश नहीं होने से सबसे अधिक प्रभावित बालासोर जिले की सुवर्णरेखा समेत सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुवर्णरेखा की बाढ़ से बालियापाल, भोगराई और जलेश्वर प्रखंड जलमग्न हो गए थे और करीब 2.1 लाख लोग प्रभावित हुए।

जालका और बुधबलंगा नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान से नीचे आ गया है, हालांकि जिले के करीब 100 गांव अब भी बाढ़ के पानी से घिरे हैं। अधिकारियों के अनुसार, 14 अगस्त से शुरू हुई बाढ़ की दूसरी लहर से छह जिलों में 13 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और करीब पांच लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जाजपुर, भद्रक, केंद्रापड़ा, मयूरभंज और क्योंझर में स्थिति स्थिर है, हालांकि बैतरणी नदी का जलस्तर बढ़ने से केंद्रापड़ा और जाजपुर के कुछ हिस्सों में खतरा बना हुआ है।

जलभराव के कारण भद्रक और जाजपुर में शुक्रवार को शैक्षणिक संस्थान बंद रहे। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक राज्य में पिछले 24 घंटों में औसतन 2.1 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 10.4 मिलीमीटर है। नयागढ़ में सर्वाधिक 35 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी ने शुक्रवार से तटीय और उत्तरी ओडिशा में छह दिनों तक बारिश का एक और दौर आने का पूर्वानुमान जताया है।

प्रमुख खबरें

BWF World Championship: भारतीय शटलर्स का कमाल! China को रौंद Semifinal में धमाकेदार एंट्री!

USCIRF बनाम RSS: आरोप, अधिकार-सीमा और भारत-अमेरिका संबंधों की अग्निपरीक्षा

CM Nayab Singh Saini को कांग्रेस ने दिखाए काले झंडे, Gurugram में छात्रों के रिजल्ट पर प्रदर्शन

रेवंत रेड्डी की US Visit को क्यों नहीं मिली मंजूरी ? विदेश मंत्रालय ने कहा- CM के पद के अनुरूप नहीं था कार्यक्रम