Odisha में पंडित Gopabandhu Das की 149वीं जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 09, 2026

भुवनेश्वर, नौ अक्टूबर समाज सुधारक एवं कवि ‘उत्कलमणि’ गोपबंधु दास की 149वीं जयंती पर शुक्रवार को पूरे ओडिशा में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई और इस अवसर पर राज्यभर में आयोजित स्मृति कार्यक्रमों में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने गोपबंधु दास को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान, निस्वार्थ जनसेवा और उड़िया एवं साहित्य को समृद्ध करने के ‘‘उनके प्रयास उन्हें लोगों की स्मृतियों में सदैव अमर रखेंगे।’’ विधानसभा परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल सहित कई प्रमुख नेताओं ने पंडित गोपबंधु दास की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और निस्वार्थ सेवा के प्रतीक उत्कलमणि पंडित गोपबंधु दास की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।

उन्होंने कहा, “जनसेवा, समाज सुधार और आम जनता के कल्याण के लिए समर्पित उनका जीवन भावी पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। शिक्षा, पत्रकारिता और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।” पंडित गोपबंधु दास का जन्म नौ अक्टूबर 1877 को पुरी जिले में हुआ था। प्रसिद्ध बंगाली रसायनशास्त्री और शिक्षाविद् प्रफुल्ल चंद्र राय ने ओडिशा के लोगों की निस्वार्थ सेवा के लिए दास को ‘उत्कलमणि’ (ओडिशा का रत्न) की उपाधि दी थी।

वह 1920 में ओडिशा में कांग्रेस के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने और 1928 तक इस पद पर रहे। लंबी बीमारी के बाद 17 जुलाई 1928 को उनका निधन हो गया।

प्रमुख खबरें

Donald Trump ने Satya Nadella को किया सम्मानित, Microsoft के काम की सराहना की

APL 2026 Analysis: Hit-or-Miss Shoot-Off और Mixed Teams कैसे बदल रहे हैं तीरंदाजी का खेल?

एथलीट Shaili Singh अब Long Jump के साथ Triple Jump में भी आजमाएंगी हाथ

Tamil Nadu Bypoll: टीवीके मदुरांतकम और धारापुरम में आगे, पुडुचेरी में AINRC जीती