ओडिशा पुलिस ने एसआई परीक्षा घोटाला मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 06, 2025

ओडिशा पुलिस ने उप-निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं में कथित संलिप्तता के लिए एक और व्यक्ति को रविवार को गिरफ्तार किया, जबकि विपक्ष ने घोटाले की सीबीआई जांच या न्यायिक जांच की मांग तेज कर दी है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘आरोपी के खिलाफ मिले सबूतों के आधार पर उसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया, इसके बाद उससे लगातार पूछताछ की गई और उसके पास से कई आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त की गई।’’

ओडिशा पुलिस भर्ती बोर्ड (ओपीआरबी) ने 30 सितंबर को एसआई की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा स्थगित कर दी थी, जब ब्रह्मपुर पुलिस ने ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा से 114 अभ्यर्थियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने बताया कि वे 5-6 अक्टूबर को होने वाली लिखित परीक्षा से पहले ‘‘विशेष कोचिंग’’ लेने के लिए पड़ोसी राज्य में किसी अज्ञात स्थान पर जा रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक अभ्यर्थी ने एक एसआई पद के लिए कथित तौर पर 25 लाख रुपये देने पर सहमति व्यक्त की थी, जिसमें 10 लाख रुपये अग्रिम और शेष 15 लाख रुपये नौकरी मिलने के बाद दिए जाने थे।

अपराध शाखा के अधिकारियों ने यहां एक संस्थान में भी तलाशी अभियान चलाया, जो ऑनलाइन भर्ती परीक्षाओं का केंद्र था। अपराध शाखा के डीएसपी रवींद्र मलिक ने कहा कि यह केंद्र एक ऐसे व्यक्ति का है जिस पर घोटाले में शामिल होने का संदेह है।

इस बीच, बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता प्रीतिरंजन घराई ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने घोटाले में शामिल असली लोगों को बचाने के लिए मामले को अपराध शाखा को सौंप दिया है। उन्होंने अनियमितताओं की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की।

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, ‘‘परीक्षा में पारदर्शिता लाने के लिए मामले को सीबीआई को सौंपा जाना चाहिए या न्यायिक जांच का आदेश दिया जाना चाहिए।’’

विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक बाबू सिंह ने कहा कि ओडिशा सरकार अभ्यर्थियों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया, ‘‘पिछली बीजद सरकार इन गतिविधियों में संलिप्त थी और अब भाजपा सरकार ऐसे रैकेट पर कार्रवाई कर रही है।

प्रमुख खबरें

ICC T20 World Cup: Shafali Verma का बड़ा बयान, ऑस्ट्रेलिया को हराने का भरोसा, Semifinal पर नजर

Rajnath Singh का बयान अफवाहों का था जवाब, Operation Sindoor पर भ्रम फैलाने वालों को MoD ने दिया करारा जवाब

China के 109 मंजिला बुर्ज खलीफा से टकराया विमान, उड़ गए परखच्चे, Video

TET पेपर लीक पर सियासी घमासान, राहुल गांधी बोले- हर युवा असुरक्षित, ये भविष्य की चोरी है