By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 09, 2026
भुवनेश्वर, आठ अगस्त नयी दिल्ली में दो दिवसीय निवेश संपर्क कार्यक्रम के दौरान ओडिशा को 66,392 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले जिनके तहत 54,135 नौकरियां सृजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि यह कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य ने 64,703 करोड़ रुपये के निवेश वाले 38 समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए और 1,689 करोड़ रुपये के निवेश आशय पत्र (आईआईएफ) प्राप्त किए।
बयान में कहा गया है कि इस दौरे से अत्याधुनिक विनिर्माण के तौर-तरीकों को समझने और राज्य के विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के संभावित अवसरों का पता लगाने का मौका मिला, खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स, टिकाऊ उपभोक्ता सामान, आपूर्ति शृंखला और सहायक उद्योगों के क्षेत्र में। माझी ने कहा, ‘‘ओडिशा एक ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र बना रहा है जहां उद्योगों का विकास हो सके, नौकरियां सृजित की जा सकें और दीर्घकालिक मूल्य निर्माण किया जा सके। हमारा ध्यान केवल निवेश लाने पर ही नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने, स्थानीय आपूर्ति शृंखला को मज़बूत करने और युवाओं के लिए नए मौके बनाने पर भी है।
हम चाहते हैं कि निवेशक ओडिशा को विकास के लिए एक भरोसेमंद और लंबे समय के पार्टनर के तौर पर देखें।