By अभिनय आकाश | Jan 27, 2025
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एलपीजी के टैंकर में विस्फोट होने से कम से कम छह की मौत हो गई, जबकि 31 अन्य घायल हो गए। बचाव अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मुल्तान के हामिद पुर कनोरा इलाके में औद्योगिक एस्टेट में हुई। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एलपीजी टैंकर में सोमवार को हुए विस्फोट से भीषण आग लग गई और टूटे हुए वाहन का मलबा आसपास के रिहायशी इलाकों में जा गिरा, जिससे काफी तबाही हुई।
मुल्तान के सिटी पुलिस अधिकारी (सीपीओ) सादिक अली ने जियो न्यूज को बताया कि कई घर नष्ट हो गए और आग में पशुधन की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्रियल एस्टेट में खड़े टैंकर ट्रक के एक वॉल्व से गैस लीक हो रही थी। उन्होंने बताया कि टैंकर में विस्फोट होने से पहले ही गैस की गंध आने के बाद इलाके में मौजूद कुछ लोग वहां से हट गए थे। अली ने आगे कहा कि टैंकर से गैस का रिसाव जारी है, जिससे अधिकारियों को क्षेत्र खाली कराना पड़ा। घायलों में 13 की हालत गंभीर बताई जा रही है।