By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की दो साल पुरानी मंत्रिपरिषद में मंगलवार को फेरबदल होगा। ऐसी संभावना है कि सभी मंत्री पदों पर नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नियमों के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश में मंत्रिपरिषद का आकार विधानसभा की कुल सदस्य संख्या का अधिकतम 10 प्रतिशत हो सकता है, और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की सदस्य संख्या 90 है। सरकार की सहयोगी कांग्रेस ने खुद को मंत्रिपरिषद से अलग कर लिया है और वह अपने इस रुख पर कायम है कि जब तक राज्य का दर्जा बहाल नहीं हो जाता, तब तक वह मंत्रिपरिषद में शामिल नहीं होगी। अधिकारियों ने बताया कि मंत्रिपरिषद के कुछ मंत्रियों के विभाग बदले या छीने जा सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के हर क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया गया है। इससे पहले, पार्टी प्रवक्ता तनवीर सादिक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नए मंत्रियों का शपथग्रहण समारोह मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे होगा।’’ सादिक ने कहा कि मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने वाले नए चेहरों के बारे में पार्टी आलाकमान फैसला करेगा, जिसमें मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि आज शाम तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि कल कौन-कौन शपथ लेगा।’’ मुख्यमंत्री ने शनिवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की थी और मंत्रिपरिषद में फेरबदल एवं विस्तार के तहत नए मंत्रियों के शपथग्रहण के लिए समय मांगा था।