By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि अगले सप्ताह के शुरुआती दो-तीन दिन में उनके मंत्रिमंडल का विस्तार और उसमें फेरबदल किया जाएगा। अब्दुल्ला ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री ने शनिवार सुबह यहां लोक भवन में सिन्हा से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हां, निश्चित रूप से मंत्रिमंडल में फेरबदल पर चर्चा हुई।
अब फारूक साहब के दरवाजे, मेरे दरवाजे या किसी और के दरवाजे पर दस्तक देने की जरूरत नहीं है। कौन मंत्री बनेगा, इसका फैसला पहले ही हो चुका है इसलिए मैं अपने सहयोगियों से अनुरोध करता हूं कि वे धैर्य रखें।’’ अब्दुल्ला ने कहा कि जो कुछ भी होना है, वह ईश्वर पहले तय करता है। उन्होंने अपने सहयोगियों से संदेश भेजने, फोन करने या पार्टी नेताओं से संपर्क करने से परहेज करने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘कृपया व्हाट्सऐप पर संदेश भेजना बंद करें। मुझे लगातार लंबे-लंबे संदेश मिल रहे हैं। पूरी-पूरी किताबें लिखी जा रही हैं।
लोग अपना पूरा बायोडाटा भेज रहे हैं, जैसे मैं उन्हें जानता ही नहीं हूं। मैं उन्हें और उनके काम को पहले से जानता हूं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जो भी होना है, वह अगले दो-तीन दिन में हो जाएगा।’’