By अंकित सिंह | Dec 23, 2021
देश में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ के नए मामलों में लगातार वृद्धि होती जा रही है। अब तक देश में ‘ओमीक्रोन’ के 236 नए मामले आ चुके हैं। जिनमें से 104 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं या अन्य स्थानों पर चले गए। ये मामले 16 राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों में सामने आए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि महाराष्ट्र में ‘ओमीक्रोन’ स्वरूप के सबसे अधिक 65 मामले, दिल्ली में 64, तेलंगाना में 24, राजस्थान में 21, कर्नाटक में 19 और केरल में 15 मामले सामने आए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल प्रतिदिन कोविड-19 के मामले स्थिर है। आज भी 7,495 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,47,65,976 हो गई।
चीन ने कोरोना वायरस के मामले बढ़ने पर उत्तरी शहर शियान में लॉकडाउन लगाने का बुधवार को आदेश दिया। वहीं, पोलैंड में कोविड-19 के 775 मरीजों की मौत दर्ज की गई जोकि महामारी की हालिया लहर में एक दिन में सर्वाधिक मृतक संख्या है। दक्षिण कोरिया में कोविड-19 से पिछले 24 घंटे में 109 लोगों की मौत हुई है, जो कि नया दैनिक रिकॉर्ड है। ब्रिटेन में बीते 24 घंटे में कोरोना के 106,122 नए मामले दर्ज किए गए। पहली बार दैनिक आंकड़ा एक लाख से ज्यादा दर्ज किया गया।