By टीम प्रभासाक्षी | Mar 16, 2022
कांग्रेस के अंदर कपिल सिब्बल के बयान को लेकर घमासान मच गया है। कपिल सिब्बल ने कहा है कि कांग्रेस को सब की कांग्रेस बनानी चाहिए ना कि घर की कांग्रेस। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी से संसद भवन परिसर में जब इस पर सवाल पूछा गया तो वे इस सवाल से बचते हुए नजर आए। उन्होंने इस बात का कोई जवाब नहीं दिया और आगे बढ़ गए।
अधीर रंजन चौधरी बोले- कपिल सिब्बल एहसान फरामोश
अधीर रंजन चौधरी ने कपिल सिब्बल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, कपिल सिब्बल एहसान फरामोश है। सिब्बल को सिब्बल गांधी परिवार ने बनाया। लेकिन अपने बयानों की वजह से वह बीजेपी को मौका दे रहे हैं। सिब्बल का मकसद अगर सिर्फ राज्यसभा जाना है, दो वह बीजेपी से चले जाएं।
क्या कहा था कपिल सिब्बल ने
बता दे कपिल सिब्बल ने इंडियन एक्सप्रेस के साथ इंटरव्यू में कहा था कि आज कांग्रेस के कुछ लोग घर के कांग्रेसी हो गए हैं जबकि कुछ लोग सबकी कांग्रेस के हैं। उन्होंने कहा कि असली कांग्रेस और सबकी कांग्रेस है। इसलिए जो लोग घर के कांग्रेसी नहीं है उनके दृष्टिकोण को भी सुनना चाहिए।
नहीं देखा जा रहा कांग्रेस का पतन
उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस का पतन हो रहा है, वह देखा नहीं जा रहा है। कपिल सिब्बल ने कहा मैं अंतिम सांस तक सबकी कांग्रेस के लिए संघर्ष करता रहूंगा। उन्होंने कहा सबकी कांग्रेस का मतलब सिर्फ एक साथ ही नहीं होना है, बल्कि भारत में उन सभी लोगों को एक साथ लाना है जो बीजेपी को नहीं चाहते हैं। हमें ऐसा दृष्टिकोण अपनाना होगा जिसमें परिवर्तन की सभी ताकतें, जो इस देश में सभी संस्थानों के इस निरंकुश कब्जे के खिलाफ हैं, उनको एक साथ आने की जरूरत है। उन्होंने कहा ममता बनर्जी हुईं, शरद पवार हुए, यह सब कांग्रेसी थे लेकिन सभी दूर चले गए हैं। हमें इन सब को साथ लाना है।