मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति के निधन पर देश में एक दिन का राजकीय शोक, झुका रहेगा राष्ट्रीय ध्वज
By अंकित सिंह | Jun 04, 2021
मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति अनिरुद्ध जगन्नाथ के निधन पर सरकार ने शनिवार को एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस बात की जानकारी गृह मंत्रालय की ओर से दी गई। गृह मंत्रालय ने कहा कि मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति अनिरुद्ध जगन्नाथ के निधन पर राजकीय शोक के दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, सरकारी स्तर पर कोई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मॉरीशस के अपने समकक्ष प्रविंद जगन्नाथ से फोन पर बात की और वहां के पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ के निधन पर शोक संवेदनाएं प्रकट की। मोदी ने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘सर अनिरुद्ध जगन्नाथ को हिंद महासागर क्षेत्र के सबसे बड़े राजनेताओं में एक और भारत की मॉरीशस के साथ विशेष मित्रता के प्रमुख वास्तुकार के रूप में याद किया जाएगा।’’ भारत सरकार द्वारा अनिरुद्ध जगन्नाथ को पिछले साल देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘‘पद्म विभूषण’’ से सम्मानित किया गया था। भारतीय मूल के अनिरुद्ध जगन्नाथ मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ के पिता थे। उनका बृहस्पतिवार को निधन हो गया।