केवल मोदी ही सुनिश्चित कर सकते हैं विकास, सुरक्षा, गरीबों के लिए बेहतर जीवन: शाह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 06, 2019

शिवहर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को दावा किया कि देश की सुरक्षा, उसका विकास और गरीबों का जीवन स्तर बेहतर करने का काम गठबंधन वाले नहीं बल्कि सिर्फ नरेन्द्र मोदी कर सकते हैं और जनता ने उन्हें जनादेश देने का मन बना लिया है। भाजपा अध्यक्ष शाह ने यहां एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘ ये गठबंधन वाले आपको फिर से लालटेन के युग में ले जायेंगे। हम आपको लालटेन से एलईडी बल्ब की दिशा में ले जा रहे हैं। वो आज भी चारा घोटाला की संस्कृति लाना चाहते हैं। हम गौधनसुरक्षा की संस्कृति लाना चाहते हैं।’’ शाह ने जोर दे कर कहा ‘‘बिहार में लालू, राबड़ी के शासन में लोगों ने जंगलराज देखा। नीतीश कुमार और सुशील मोदी के आने के बाद बिहार विकास के रास्ते पर है। उन्होंने कहा, ‘‘देश को विकास के रास्ते पर ले जाने, देश के गरीबों का जीवन स्तर उठाने का काम गठबंधन वाले नहीं कर सकते। ये सारे काम सिर्फ नरेन्द्र मोदीही कर सकते हैं।’’

 

देश की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा ‘‘पुलवामा के हमले में हमारे 40 जवान शहीद हो गए। पाकिस्तान को लगा कि मोदी फिर से सर्जिकल स्ट्राइक न कर दें, इसलिए उसने सीमा पर सेना और टैंक तैनात कर दिए। मोदी ने सेना को आदेश दिया और वायुसेना के लड़ाकू विमान पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक करके लौट आए।’’ उन्होंने कहा ‘‘एयर स्ट्राइक के बाद दो जगह मातम छाया था। एक, पाकिस्तान में और दूसरा, गठबबंधन वाले राहुल बाबा एंड कंपनी के यहां।’’ शाह ने कहा, ‘‘जब पाकिस्तान रो रहा था, तब कांग्रेस और राजद नेताओं के चेहरे पर मायूसी क्यों थी? जब पाकिस्तान के आतंकवादी मारे गए, तब महामिलावटी गठबंधन वालों के चेहरे क्यों लटक गये?’’ उन्होंने कहा ‘‘हमारी नीति स्पष्ट है, वहां से गोली आएगी तो यहां से गोला जाएगा।’’ शाह ने दावा किया ‘‘उमर अब्दुल्ला कश्मीर में दूसरे प्रधानमंत्री की बात करते हैं। लेकिन जब तक भाजपा के कार्यकर्ताओं के शरीर में जान है तब तक कश्मीर को हिंदुस्तान से कोई अलग नहीं कर सकता।’’

इसे भी पढ़ें: भाजपा 84 के सिख विरोधी दंगे के गुनहगारों को नहीं बख्शेगी: अमित शाह

भाजपा अध्यक्ष ने जोर दे कर कहा ‘‘देश में 290 से ज्यादा लोकसभा क्षेत्रों का मैंने दौरा किया। देश के अलग अलग हिस्सों में भाषा बदली, पहनावा बदला, खानपान बदला लेकिन एक नारा नहीं बदला। वह नारा है मोदी-मोदी। यह नारा इस बात का प्रमाण है कि 23 मई को होने वाली मतगणना के बाद मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 20 साल में एक भी छुट्टी नहीं ली और वह 24 में से 18 घंटे काम करते हैं। लेकिन गठबंधन के नेता राहुल गांधी थोड़ी गर्मी बढ़ते ही विदेश चले जाते हैं। शाह ने कहा कि पांच साल के अंदर मोदी ने सात करोड़ गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया। उन्होंने आठ करोड़ घरों में शौचालय बनवाकर गरीब माताओं और बेटियों को सम्मान से जीने का अधिकार दिया है।

 

प्रमुख खबरें

विकास ही मुख्य मुद्दा, पीएम हिन्दू-मुसलमान नहीं कर रहे, बल्कि विपक्षी दलों की सच्चाई बता रहे : Pushkar Singh Dhami

Hungary में डेन्यूब नदी में नौका दुर्घटना में दो लोगों की मौत, पांच लापता

Congress ने 70 साल तक Article 370 को बरकरार रखा, Uttar Pradesh में अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना

Jolly LLB 3 का राजस्थान शेड्यूल पूरा करने के बाद, अक्षय कुमार और अरशद वारसी बाइक की सवारी पर निकले, देखें वीडियो