By अंकित सिंह | Apr 25, 2023
हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों का पहला जत्था निकासी मिशन 'ऑपरेशन कावेरी' के तहत भारत के नौसैनिक जहाज पर देश से रवाना हुआ। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मंगलवार को जानकारी दी कि आईएनएस सुमेधा पर सवार कुल 278 लोगों को पोर्ट सूडान से सऊदी अरब के जेद्दा के लिए रवाना किया गया है। बागची ने अपने ट्वीट में कुछ तस्वीरों को साक्षा करते हुए लिखा कि ऑपरेशन कावेरी के तहत फंसे हुए भारतीयों का पहला जत्था सूडान से रवाना हुआ। आईएनएस सुमेधा 278 लोगों के साथ पोर्ट सूडान से जेद्दा के लिए रवाना हुई।
ज्ञात हो कि रविवार को भारत ने कहा था कि हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को इस अफ्रीकी देश से सुरक्षित रूप से निकालने की अपनी आकस्मिक योजना के तहत जेद्दा में दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान उड़ान भरने के लिए तैयार रखे गए हैं। साथ ही, भारतीय नौसेना के एक जहाज आईएनएस सुमेधा को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह पर रखा गया था। शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूडान से 3000 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालने की आकस्मिक योजनाओं की तैयारी के निर्देश दिये थे।