By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 23, 2020
लखनऊ। सपा और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गुरुवार को आरोप लगाया कि वह असहमति की किसी भी आवाज को देशद्रोह बता कर कार्रवाई की धौंस दे रहे हैं। विधानसभा में सपा और विपक्ष के नेता रामगोविंद चौधरी ने आजादी के नारे लगाने को देशद्रोह बताने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार के बयान पर कहा आजादी की लड़ाई के दौरान अंग्रेज भी स्वतंत्रता सेनानियों को आतंकवादी कहते थे। अब उनके वंशज या उनका साथ देने वालों के वंशज आजादी के नारे लगाने वालों को देशद्रोही कह रहे हैं, तो इसमें बुरा मत मानिये। उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। वे इसीलिए बड़बड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी देश को बांटने की सरकार की चालों से आजादी मांग रही महिलाओं को देशद्रोह की कार्रवाई की धौंस दे रहे हैं। आजादी इस देश के सभी लोगों का जन्म सिद्ध अधिकार है। इसे छीनने की कोशिश करने वालों को उसी तरह से जाना होगा जैसे हिटलर गया था।
इसे भी पढ़ें: यूपी सरकार शुरू कर रही गंगा यात्रा, योगी बोले- यह आस्था ही नहीं, अर्थव्यवस्था भी है
इस सवाल पर कि योगी सपा पर महिलाओं को धन देकर प्रदर्शन करवाने का इल्जाम लगा रहे हैं, चौधरी ने कहा कि यह जनभावनाओं का मजाक उड़ाने वाली बात है। पूर्वोत्तर से लेकर देश का कोई राज्य नहीं बचा है, जहां ऐसे प्रदर्शन नहीं हो रहे हैं। क्या हम पूरे देश में हो रहे प्रदर्शनों में पैसे बांट रहे हैं? मालूम हो कि योगी ने बुधवार को कानपुर में एक कार्यक्रम में कहा था कि आजादी के नारे लगाना देशद्रोह की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा था, उत्तर प्रदेश के धरती पर मैं इस बात को कहूंगा कि धरना प्रदर्शन के नाम पर कश्मीर में जो नारे कभी आजादी के लगते थे, अगर इस प्रकार के नारे लगाने का कार्य करोगे तो यह देशद्रोह की श्रेणी में आएगा और फिर इस पर कठोर कार्रवाई करने का काम सरकार करेगी। भारत की धरती पर रहकर भारत के खिलाफ षड्यंत्र की छूट किसी भी स्थिति में नहीं दी जा सकती।