विपक्षी नेता अपने गठबंधन ‘INDIA’ के नाम के भरोसे, यही उनका एकमात्र सहारा : Rajnath Singh

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 31, 2023

पुणे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता केवल अपने गठबंधन के नाम पर भरोसा कर रहे हैं क्योंकि यही उनके लिए एकमात्र सहारा बचा है। उन्होंने विपक्षी गठबंधन के बारे में ‘नाम बड़े और दर्शन छोटे’ वाली कहावत का भी जिक्र किया। इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) की दो दिवसीय बैठक बृहस्पतिवार को मुंबई में शुरू हुई।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने ‘इंडिया’ नामक एक नया समूह बनाया है। उन्होंने कहा, “यह एक गजब नाम है...इंडिया। मुझे पता चला कि आज उनकी बैठक हो रही है, लेकिन जैसा कि सभी जानते हैं, यह ‘नाम बड़े और दर्शन छोटे’ के अलावा कुछ नहीं है। इन लोगों के लिए, नाम ही एकमात्र सहारा है। वे इस नाम का उपयोग करके अपनी नैय्या पार लगाना चाहते हैं।’’ सिंह ने कहा, ‘‘लेकिन सिर्फ इस नाम के इस्तेमाल से नदी को पार नहीं किया जा सकता... अकेले नाम के इस्तेमाल से भंवर को पार नहीं किया जा सकता, इसके लिए कर्म की जरूरत होती है।’’ उन्होंने कहा कि आज का भारत पहले जैसा नहीं रहा।

सिंह ने कहा, “हमारा भारत अब वैसा नहीं है जैसा पहले हुआ करता था जब देश के नेता विभिन्न वैश्विक मंचों पर जाते थे और बोलते थे लेकिन दुनिया कभी भी उन्हें गंभीरता से नहीं सुनती थी। अन्य देश सोचते थे कि ‘यह भारत है, कमजोर राष्ट्र’ और हम इसे क्यों सुनें।” केंद्रीय मंत्री ने कहा, लेकिन आज दुनिया में भारत का कद इतना बढ़ गया है कि जब वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर बोलता है तो दुनिया ध्यान से सुनती है।

उन्होंने कहा कि जब रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू हुआ तो कई भारतीय छात्र यूक्रेन में फंसे हुए थे। सिंह ने कहा, “ चिंतित माता-पिता ने छात्रों को निकालने के लिए (प्रधानमंत्री) मोदी जी से अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन किया। और करिश्मा देखिए, युद्ध साढ़े चार घंटे तक रुका रहा और हमारे छात्रों को बाहर निकाला गया। लगभग 23,000 छात्रों को वापस लाया गया।’’ उन्होंने कहा कि लेकिन विपक्ष को यह पसंद नहीं है।

प्रमुख खबरें

AB de Villiers का बड़ा बयान: Sachin Tendulkar ने दिखाया रास्ता, Virat Kohli ने विदेशी जमीं पर बढ़ाया भारतीय बल्लेबाजी का कद

भारत में Satellite Internet पर Security संशय, Starlink और Jio को लाइसेंस के लिए करना होगा और लंबा इंतजार

Evergrande Crisis: एशिया के सबसे अमीर रहे Hui Ka Yan को China में उम्रकैद, 2 लाख करोड़ के कर्ज में डूबी कंपनी

Stock Market Manipulation: सेबी ने सेंसेक्स में कृत्रिम तेजी लाने वाली दो फर्मों पर की बड़ी कार्रवाई, Profit पर लगाई रोक