Oppostion Meeting: खरगे और राहुल ने विपक्षी एकजुटता, लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने का आह्वान किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 23, 2023

पटना। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को विपक्षी नेताओं की बैठक से पहले कहा कि विपक्ष की सभी पार्टियां एकजुट होकर आगामी लोकसभा चुनाव लड़ेंगी और भारतीय जनता पार्टी को पराजित करेंगी। दोनों नेताओं ने बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय ‘सदाकत आश्रम’ में आयोजित एक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। खरगे ने कहा, ‘‘हम सभी विपक्ष की पार्टियों को एक होना है और 2024 के चुनाव में मिलकर लड़ना है। इसी के तहत राहुल गांधी ने पहला कदम उठाया है। हमने सोचा है कि सभी पार्टियों के नेताओं से मिलकर बात करेंगे और आगे मिलकर कदम उठाएंगे।

उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में मदद के लिए बिहार के लोगों को धन्यवाद दिया। राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘भाजपा भारत को तोड़ने, हिंसा और नफरत फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी देश को जोड़ने और मोहब्बत फैलाने का काम कर रही है। आप जानते हैं कि नफरत को नफरत से नहीं खत्म किया जा सकता। नफरत को सिर्फ मोहब्बत से खत्म किया जा सकता है।’’ कांग्रेस नेता ने विपक्षी नेताओं की बैठक का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘देश की विपक्षी पार्टियां यहां आई हैं। एकसाथ मिलकर हम भाजपा को हराने जा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में भाजपा के नेताओं ने लंबे लंबे भाषण दिए, लेकिन नतीजा क्या हुआ, आपने देख लिया। कांग्रेस जैसे ही एकसाथ खड़ी हुई, भाजपा गायब हो गई। मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भाजपा कहीं नहीं दिखेगी, कांग्रेस जीतेगी।’’

इसे भी पढ़ें: Opposition Unity Meeting: पटना में बोले राहुल गांधी, कर्नाटक में क्या हुआ, सबने देखा, हम एक साथ मिलकर BJP को हराएंगे

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा का मतलब है दो-तीन लोगों को फायदा पहुंचाना। कांग्रेस का मतलब गरीबों के साथ खड़े होकर उनके लिए काम करना है।’’ इससे पहले, खरगे और राहुल गांधी विपक्ष की बैठक के लिए पटना पहुंचे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जयप्रकाश नारायण हवाई अड्डे पर पहुंचकर कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं की अगवानी की। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी पटना पहुंचे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने खरगे और राहुल गांधी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।

प्रमुख खबरें

Mourinho की वापसी और Arsenal का तगड़ा ऑफर, मुश्किल में Vinicius Jr; Real Madrid ने बढ़ाया कॉन्ट्रैक्ट

Mikhailo Mudryk की 2 साल बाद मैदान पर वापसी, Juventus के खिलाफ Pre-season Match में हारी Chelsea

Bankipur bypoll में मिली हार पर BJP ने की समीक्षा, पटना बैठक में बनेगी नई रणनीति

Parliament का विशेष सत्र बुलाने का कोई प्रस्ताव नहीं, Kiren Rijiju ने दी जानकारी