By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026
पलक्कड़ (केरलम), पांच नवंबर केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य के मादक पदार्थ रोधी अभियान में 30 लाख से अधिक लोग ‘तूफान वॉरियर्स’ के रूप में शामिल हुए हैं। सरकार जनभागीदारी, रोकथाम एवं पुनर्वास के माध्यम से मादक पदार्थों के खिलाफ अपनी कार्रवाई का दायरा बढ़ाने का प्रयास कर रही है। पलक्कड़ में मादक पदार्थ रोधी जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने ‘ऑपरेशन तूफान’ को यूडीएफ सरकार का प्रमुख कार्यक्रम बताया और कहा कि इस अभियान को आम जनता से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है।
उन्होंने याद दिलाया कि सुपरस्टार मोहनलाल को सबसे पहले ‘तूफान वॉरियर’ नामित किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘ऑपरेशन तूफान केरलम सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है। हमारे अनुमान के मुताबिक, राज्यभर में अब तक 30 लाख से अधिक लोग शपथ लेकर ‘तूफान वॉरियर्स’ बन चुके हैं।’’ मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह अभियान केवल गिरफ्तारियों और कानून लागू करने तक सीमित नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य मादक पदार्थों के सेवन को रोकना और इससे प्रभावित लोगों को फिर से सामान्य जीवन जीने में मदद करना भी है।
चेन्निथला ने बुधवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य के गृह विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं पर चर्चा की थी। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शाह ने ‘ऑपरेशन तूफान’ की प्रगति की सराहना की और केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत आगे भी सहयोग देने का संकेत दिया।