UP Election 2022 । ओवैसी बोले- योगी और अखिलेश बिछड़े हुये दो भाई, दोनों की मानसिकता एक
By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 18, 2022
जालौन। आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी को एक ही थैली का चट़टा-बट़टा बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव दो बिछड़े हुये भाई हैं और दोनों की मानसिकता एक है। शुक्रवार को जालौन जिले के माधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भागीदारी परिवर्तन मोर्चा के उम्मीदवार के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, ‘‘योगी-अखिलेश, दोनों की मानसिकता एक है, दोनों लोग क्रूर और अहंकार में डूबे हुए हैं, यह अपने आप को नेता नहीं बल्कि बादशाह सलामत समझते हैं।
ओवैसी ने योगी पर हमला बोलते हुए कहा कि राजनीति में जो बादशाह बन जाता है, उसको हटाना जरूरी है, अब इन्हें हटाकर घर पर बैठाना है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश पर भी हमला बोला कहा कि एक को सैफई तो दूसरे को गोरखपुर में वास भेजना है। आवैसी ने कहा कि यदि इनको घर पर नहीं बैठाया तो यूपी के दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, मजलूम गरीबों का कभी भी भला नहीं होगा। भाजपा पर हमला बोलते हुए ओवैसी ने कहा कि वोट लेने के लिए भाजपा के लोग मुगलों को हराने की बात करते हैं।