महाराष्ट्र के कल्याण में इमारत की स्लैब गिरने के मामले में मालिक गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 21, 2025

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण क्षेत्र में एक इमारत की स्लैब गिरने से छह लोगों की मौत के मामले में एक फ्लैट मालिक को अवैध निर्माण कार्य कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर सप्तशृंगी इमारत की चौथी मंजिल पर एक फ्लैट में फर्श का काम किया जा रहा था, जिससे उसकी स्लैब टूटकर नीचे गिर गई। इस घटना में जान गवाने वालों में दो साल की एक बच्ची भी शामिल है, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं।

कोलसेवाडी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक गणेश नहायदे ने बताया कि फ्लैट क्रमांक 401 के निवासी कृष्ण लालचंद चौरसिया (40) को मंगलवार रात को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 125और महाराष्ट्र प्रादेशिक एवं नगर नियोजन अधिनियम, 1966 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘चौरसिया ने संबंधित प्राधिकरणों से अनुमति लिए बिना अवैध रूप से फर्श का काम करवाया था। मामले की आगे जांच जारी है।’’ कल्याण के उप संभागीय अधिकारी विश्वास गुजर ने कहा कि इमारत अब रहने योग्य नहीं रह गई है, इसलिए उसे ढहाया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, 30 वर्ष पुरानी यह इमारत कल्याण (पूर्व) के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है। यह उन इमारतों की सूची में शामिल नहीं थी जिन्हें रहने के लिए खतरनाक घोषित किया गया है।

प्रमुख खबरें

GOAT इंडिया टूर 2025: लियोनल मेसी ने वीडियो साझा कर भारत को कहा धन्यवाद

FIFA The Best Awards 2025: डेम्बेले और बोनमती बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

IND vs SA लखनऊ टी20: भारत की 14वीं सीरीज़ जीत या दक्षिण अफ्रीका की वापसी

IPL Auction 2026: अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों का जलवा, करोड़पति क्लब में धमाकेदार एंट्री