By एकता | Nov 29, 2026
लोकसभा सीटों के प्रस्तावित परिसीमन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 815 करने के प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बदलाव से भाजपा को फायदा और विपक्षी दलों को नुकसान हो सकता है। चिदंबरम के मुताबिक, यह सिर्फ सीटों की संख्या बढ़ाने का मामला नहीं है, बल्कि इससे देश का पूरा चुनावी नक्शा बदल सकता है।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में चिदंबरम ने कहा कि सीटों की संख्या बढ़ने के बाद परिसीमन आयोग को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने का मौका मिलेगा। उनका आरोप है कि इस प्रक्रिया का इस्तेमाल भाजपा के पक्ष में किया जा सकता है।
पी. चिदंबरम ने तमिलनाडु का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 39 से बढ़कर 59 हो जाती है, तो मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को बड़े स्तर पर बदलना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अभी निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में छोटे-मोटे बदलाव किए जा सकते हैं, लेकिन 543 सीटों में 271 सीटें और जुड़ने पर पूरी व्यवस्था का पुनर्गठन करना होगा। इससे परिसीमन आयोग को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने की काफी गुंजाइश मिल जाएगी।
चिदंबरम का कहना है कि इस बदलाव का असर सिर्फ सीटों की संख्या पर नहीं, बल्कि चुनावी क्षेत्रों की भौगोलिक संरचना और राजनीतिक समीकरणों पर भी पड़ेगा।
चिदंबरम ने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव से विपक्षी दलों को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि असम में परिसीमन के बाद कुछ निर्वाचन क्षेत्रों की भौगोलिक बनावट असामान्य हो गई है। उनके मुताबिक, एक सीट का आकार घोड़े की नाल जैसा है, जबकि एक अन्य सीट में ऐसे इलाके शामिल किए गए हैं, जो भौगोलिक रूप से एक-दूसरे से जुड़े नहीं हैं।
चिदंबरम ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उनसे कहा था कि परिसीमन की वजह से विपक्ष को चार सीटों का नुकसान हुआ। वहीं, कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी असम में परिसीमन के बाद कई सीटों पर पार्टी को नुकसान होने की बात कही है।
पी. चिदंबरम ने उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पंजाब समेत दूसरे राज्यों में होने वाले परिसीमन को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इन राज्यों में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह बदली जा सकती हैं, जिससे कुछ इलाकों में भाजपा की राजनीतिक स्थिति मजबूत हो और विपक्षी दलों को नुकसान पहुंचे। परिसीमन आयोग की ओर से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव किस तरह किया जाएगा, यह प्रक्रिया और उसके फैसलों पर निर्भर करेगा।
चिदंबरम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तमिलनाडु विधानसभा में 12 अगस्त 2026 को पारित एक प्रस्ताव का भी उल्लेख किया। डीएमके के समर्थन वाले इस प्रस्ताव में लोकसभा में राज्यों के प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण को लेकर पांच प्रमुख मांगें रखी गई थीं।
इस प्रस्ताव में कहा गया था कि लोकसभा की निर्वाचित सीटों की मौजूदा संख्या 543 पर स्थायी रूप से बरकरार रखी जाए। राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रखा जाए। लोकसभा और राज्यसभा के बीच मौजूदा करीब 2.2:1 का संख्यात्मक अनुपात कायम रहे। 2029 के लोकसभा चुनाव से मौजूदा 543 सीटों के आधार पर महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाए। राज्य विधानसभाओं में भी महिला आरक्षण लागू किया जाए।
चिदंबरम ने इन मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि परिसीमन के दौरान राज्यों के प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखना जरूरी है। इस मुद्दे पर आने वाले समय में केंद्र सरकार और विपक्षी दलों के बीच बहस और तेज होने की संभावना है।