By अंकित सिंह | Apr 22, 2025
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए कायराना हमले में 26 लोगों के मारे जाने की खबर है। इसके साथ ही कई लोग घायल है जिन्हें जिला अस्पताल और श्रीनगर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यह खबर अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स से आ रही है। सूत्र लगातार इस बात का दावा कर रहे हैं कि इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई है। सूत्रों का यह भी दावा है कि इन 26 में से 16 की पहचान की जा चुकी है। वही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि राज्य के दो लोगों की इस हमले में मौत हुई है। कर्नाटक से सांसद तेजस्वी सूर्य ने कहा कि उनके राज्य से एक लोग की मृत्यु की पुष्टि हुई है। हालांकि प्रभासाक्षी मौत के आंकड़ों की पुष्टि नहीं कर रहा है।
रक्षा अधिकारी ने बताया कि कोच्चि में तैनात भारतीय नौसेना के एक अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (26 वर्ष) छुट्टी पर थे और पहलगाम हमले में शहीद हो गए। वे हरियाणा के मूल निवासी हैं और 16 अप्रैल को उनकी शादी हुई थी। सऊदी अरब की राजकीय यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा तथा आतंकवाद से लड़ने का भारत का संकल्प अडिग है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूँ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएँ। मैं प्रार्थना करता हूँ कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएँ। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
मोदी ने आगे लिखा कि इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।