By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 01, 2021
जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों पर दो बार गोलाबारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के नौशेरा क्षेत्र में अपराह्न करीब 3.30बजे और शाम करीब 5.30 बजे एलओसी के दूसरी तरफ से गोलीबारी और गोलाबारी किये जाने की घटना सामने आई। अधिकारियों के अनुसार भारतीय सैनिक पाकिस्तान द्वारा बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन का जवाब दे रहे हैं। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पाकिस्तान सेना ने आज अपराह्न करीब 3.30 बजे राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में एलओसी के आसपास छोटे हथियारों से गोलीबारी तथा मोर्टार से गोलाबारी कर संघर्ष विराम का अकारण उल्लंघन शुरू कर दिया।’’
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सीमाओं पर अमन-चैन को बिगाड़ने तथा लोगों के बीच डर पैदा करने के लिए एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अग्रिम चौकियों और गांवों को बार-बार निशाना बनाया।